बदमाशों ने महिला से नोटों से भरा बैग लूटा 

मेरठ। बाइक सवार नकाबपोश बदमाश महिला से नोट भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में रकम कितनी है, यह स्पष्ट नहीं है लेकिन चर्चा है कि 25 लाख रुपये बैग में मौजूद थे।पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। महिला से पूछताछ की जा रही है। वारदात वाले रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस खंगाल रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर गली नंबर 13 में सबिया परिवार के साथ रहती हैं। सोमवार शाम वह किसी को पैसे देने के लिए घर से स्कूटी पर निकलीं। जैसे ही अपनी गली से बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी गुलमर्ग की तरफ से आए बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से नोटों भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सबिया स्कूटी पर थी और दोनों बदमाश बाइक पर थे। एक बदमाश ने भागकर बैग छीना और फिर कूदकर अपने साथी की बाइक पर बैठ गया। इसके बाद बदमाश कचहरी की तरफ भाग निकले। वह जोर जोर से चिल्लाने लगी। जब तक अपनी स्कूटी मोड़ पाती, तब तक बदमाश फरार हो गए।

सबिया से बैग छीनकर बदमाश भागा और पीछे से कूदकर अपने साथी की बाइक पर बैठा। बताया जाता है कि बाइक चला रहे बदमाश का नियंत्रण हैंडल से खो गया और पीछे बैठे बदमाश के हाथ से बैग छूटकर रोड पर गिर गया। वह दोबारा नीचे कूदा। आनन फानन में बैग उठाया और वापस साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया।

गमछे से ढका हुआ था चेहरा

वारदात कई लोगों ने देखी, लेकिन कोई भी सीधे बोलने को तैयार नहीं है। नाम ना छापने की शर्त पर एक शख्स ने बताया कि बदमाशों ने चेहरे पर गमछा लपेटा हुआ था और काला चश्मा पहना हुआ था। इससे पहले कि लोग उनकी तरफ भागते, वह आंखों से ओझल हो गए।

जिस जगह यह घटना घटी, वह हाशिमपुरा पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज कौशलेंद्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एस ओ सौरभ तिवारी को घटना के बारे में बताया। कुछ देर में वह भी वहां पहुंच गए। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है।

पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। दरअसल, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बैग में रकम कितनी है। पहले पांच लाख रुपये बताए गए। उसके बाद चर्चा 25 लाख रुपये की होने लगी। सबिया से पूछताछ का प्रयास हुआ तो वह छिपाने लगी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

सीडीआर निकाल रही पुलिस

इस पूरे घटनाक्रम में कई बातें संदिग्धता दर्शा रही है। बताया जाता है कि जिस व्यक्ति को सबिया पैसे देने निकली थी, वह घर पर आया था। उसके बाद वह चला गया। थोड़ी ही देर में उसने फिर फोन किया और सबिया को बैग लेकर बाहर बुलाया। अब सवाल यह है कि सबिया व उस शख्स के बीच बातचीत हुई थी। इसी दौरान तीसरे व्यक्ति को कैसे नोट भरे बैग के बारे में पता चल गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts