नवरात्रि पर धार्मिक स्थलों के आसपास बंद रहेगी मांस की दुकानें: डीआईजी

-सुरक्षा के मद्देनजर रेंज में  23 जोन, 79 सेक्टर व 56 क्यूआर टीम बनाई गई

-मेरठ में चैत्र नवरात्रि पर निकलेगी 16 शोभायात्रा, 11 स्थानों पर लगेंगे मेले

मेरठ। रमजान माह और चैत्र नवरात्र को लेकर चारों जिलों की पुलिस को डीआईजी मेरठ रेंज ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के आदेश दिए है। सभी जिलों के कप्तानों को आदेश दिए है कि वह नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थल के आसपास पड़ने वाली मांस-मदिरा की दुकानों को प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर बंद करा दे और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष निगरानी करें। 

 शोभायात्राओं निकलने से पहले आयोजकों के साथ वार्ता कर रूट मैप तैयार कर लिया जाए। व्यवस्था बनान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभी से पूरी तैयारी कर ली जाए।

डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया, रमजान माह के दौरान 19 मार्च से चैत्र नवरात्र प्रारम्भ हो रहे हैं। नवरात्र के दौरान ही ईद पड़ रही है और 26 मार्च को दुर्गा अष्टमी व 27 मार्च को राम नवमी पर्व मनाया जाएगा। नवरात्र के दौरान रेंज के चारों जिले मेरठ, बागपत, हापुड़ व बुलंदशहर में 96 शोभायात्रा, 35 मेले व 20 अन्य कार्यक्रम होना प्रस्तावित है। शोभायात्रा के मार्ग में 114 स्थानों को संवेदनशील व हॉटस्पाट के रूप में चिन्हित किया गया है। 

त्योहारों को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए चारों जिलों के पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि वह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले के सभी महत्वपूर्ण मंदिरों, मेला स्थलों, जुलूस व शोभायात्रा के मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों का संयुक्त भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर ले। जिन मन्दिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होती है, वहां भीड़ को नियंत्रण करने को बैरीकेडिंग की व्यवस्था लागू करें। प्रमुख मन्दिरों और पंडाल स्थलों के आसपास मांस-मदिरा की दुकानों को बंद कराने के लिए डीएम से वार्ता करें। शोभायात्रा मार्ग में ढीले-टूटे बिजली के तारों से वाहन व डीजे के छू से कोई हादसा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। लिहाजा नवरात्र शुरू होने से पहले सभी विभागी के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था को मुकम्मल कर लिया जाए। 

मंदिरों और पंडालों के आसपास एंटी रोमियो स्क्ववाड भ्रमणशील रहे। डीआईजी ने आदेश दिए है कि अतिसंवेदनशील, संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले इलकों में पिकेट्स लगा दी जाए और लगातार पुलिस पैट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी थानेदारों को हिदायत दी है कि सोश‍ल मीडिया पर अगर कोई असामाजिक तत्व किसी भी संप्रदाय की धार्मिक भावनाओं का आहत करने के लिए पोस्ट डालता है तो उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

रेंज में  23 जोन, 79 सेक्टर व 56 क्यूआर टीम बनाई गई

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया, रेंज के चारों जिलों में 114 स्थान संवेदनशील और हाटस्पाट के रूप में चिन्हित किए गए है। लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से रेंज के चारों जिलों को 23 जोन व 79 सेक्टरों में बांटा गया है और आपात स्थिति से निपटने के लिए  56 क्यूआर टीम गठित की गई है। 

उन्होंने बताया, मेरठ में 16 शोभायात्रा 11 मेले, बुलंदशहर में 42 शोभायात्रा 14 मेले, बागपत में चार शोभायात्रा तीन मेले व हापुड जिले में 34 शोभायात्रा सात मेले होना प्रस्तावित है। लिहाजा कानून व्यवस्था के मद्देनजर चारों‍ जिलों में छह एएसपी, 22 सीओ, 86 इंस्पेक्टर,  631 एसआई 1115 हेड कांस्टेबल, 1265 सिपाही, 705 होमगार्ड व पीआरडी के जवानों के अलावा तीन कंपनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। अतिरिक्त होमगार्ड की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जिले के पुलिस अधिकारी डीएम के माध्यम से पत्राचार कर प्राप्त कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts