पत्नी की हत्या कर पति ने चुन्नी से  फांसी लगाकर दी जान 

-- पल्लवपुरम फेज-एक स्थित एसटीपी प्लांट में दंपति की मौत से हड़कंप, पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर शुरू की जांच

 मेरठ। थाना मोदीपुरम क्षेत्र के पल्लवपुरम फेज-एक स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब प्लांट के एक ऑपरेटर ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर उसी की चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच करते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।

पुलिस के अनुसार एसटीपी ऑपरेटर प्रदीप यादव (35) पुत्र रामसेवक, मूल रूप से गांव भूरेला जिला हरदोई का निवासी था। वह पिछले करीब आठ वर्षों से सैनिक विहार स्थित स्टील प्लांट में कार्यरत था। करीब दो वर्ष पहले उसका ट्रांसफर पल्लवपुरम फेज-एक स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में हुआ था।

बताया गया है कि प्रदीप शुक्रवार को ही अपनी पत्नी 32 वर्षीय मधु यादव के साथ गांव से वापस आया था। संयंत्र परिसर में बने सरकारी आवास में परिवार को रखने की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद वह पत्नी के साथ वहीं कमरे में रुका हुआ था। दंपति का 12 वर्षीय बेटा यश यादव ट्यूशन पढ़ने के लिए पल्लवपुरम फेज-दो स्थित अपने मामा शिवशंकर यादव पुत्र ओमप्रकाश के घर गया हुआ था।

शनिवार शाम करीब पांच बजे प्लांट कर्मचारियों को दंपति की मौत की सूचना मिली तो परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्लांट इंचार्ज फरीद राणा ने तुरंत थाना पल्लवपुरम पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दे दी है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी पल्लवपुरम महेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृहकलेश का प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों ने भी इस बात की पुष्टि की है। वहीं शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप ने पहले पत्नी मधु की गला घोंटकर हत्या की और इसके बाद उसी की चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सही कारण फॉरेंसिक जांच के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts