तार लगाते समय युवक झुलसा, बिजली का खंभा भी गिरा
मेरठ। बिजली के खंभे पर तार लगाते समय एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान बिजली का खंभा भी गिर गया, जिससे गली में खेल रहे बच्चे और काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद गली में खेल रहे बच्चों व मजदूरों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन बंद करवा दी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शाहजहां कालोनी गली नंबर-9 निवासी युवक नदीम अपने घर की छत से बिजली के खंबे पर तार लगा रहा था। अचानक खंबे में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आकर झुलस गया। करंट लगने के साथ ही खंभा भी गिर गया। खंभा गिरते ही गली में खेल रहे बच्चे और वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि कोई भी खंभे की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी। काफी देर तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि बिजली के तारों में लंबे समय तक करंट दौड़ता रहा, जिससे कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई थी। बिजली विभाग द्वारा लाइन बंद करने पर स्थानीय लोगों चेन की सांस ली। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खंभा लगाने का काम शुरु कर दिया। स्थानीय लोगों ने नदीम की हालत गंभीर बताई है।


No comments:
Post a Comment