हरियाणा के कारोबारी पर 3 करोड़ 16 लाख की जीएसटी चोरी का मुकदमा 

-मेरठ आकर कंकरखेड़ा क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर चोरी की

-राज्य कर उपायुक्त ने कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराया मुकदमा 

मेरठ। फर्जी फर्म बनाकर 3 करोड़ 16 लाख रुपये की जीएसटी चोरी करने के मामले में हरियाणा के एक कारोबारी के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में फर्जी पते फर्म बनाकर प्लास्टिक कचरे और पुराने कबाड़ की खरीद-बिक्री की फर्म चलाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

राज्य कर उपायुक्त देवेंद्र कुमार ने कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि भिवानी (हरियाणा) के तोशाम संगुरपुर निवासी शुभम ने एसएस सप्लायर्स नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी। यह फर्म अशोकपुरी स्थित एक फर्जी पते पर पंजीकृत थी। फर्म ने 13 अप्रैल 2021 को पंजीकरण प्राप्त किया था। वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान शुभम ने बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के करोड़ों रुपये का लेनदेन दिखाया। इस मामले में राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने 26 मार्च 2022 को व्यापार स्थल की गोपनीय जांच की। जांच में पाया गया कि अशोकपुरी में पंजीकरण में दिए गए पते पर कोई प्रतिष्ठान संचालित नहीं था। पंजीकरण में दिए गए फोन नंबर पर संपर्क करने पर रूपेश नामक व्यक्ति ने फर्म के बारे में अनभिज्ञता व्यक्त की। शुभम की फर्म ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में 17.53 करोड़ रुपये की बाहरी आपूर्ति घोषित की थी। इस अवैधी में तीन करोड़ 16 लाख रुपये इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाया। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया, राज्य कर उपायुक्त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts