एअर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट दिल्ली लौटी
- विमान में तकनीकी खराबी बनी कारण
नई दिल्ली (एजेंसी)।गुरुवार दोपहर को एअर इंडिया की दिल्ली से लंदन के हीथ्रो जाने वाली उड़ान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण विमान को उड़ान भरने के घंटों बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस घटना से यात्रियों को न केवल अप्रत्याशित असुविधा का सामना करना पड़ा बल्कि एयरलाइन के बेड़े में हाल ही में शामिल किए गए आधुनिक विमानों की हालत पर भी सवाल खड़े हो गए।
गुरुवार सुबह लगभग छह बजे, एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI111 ने दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब इसे वापस मोड़ने का बड़ा निर्णय लिया गया। इस निर्णय से पहले विमान लगभग चार घंटे तक हवा में रह चुका था।
वापसी की यात्रा को मिलाकर, यह विमान कुल सात घंटे तक हवा में रहने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित वापस उतर गया।
सूत्रों ने जानकारी दी है कि उड़ान के दौरान विमान के अंदर कुछ आवाजें सुनी गई थीं, जिसके बाद यह मार्ग बदलने का फैसला किया गया। इस उड़ान में कुल कितने यात्री सवार थे, फिलहाल इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है।


No comments:
Post a Comment