ओडिशा में गरजे गृहमंत्री अमित शाह
बोले- 31 मार्च तक नक्सल मुक्त होगा भारतनई दिल्ली (एजेंसी)।गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि देश को 31 मार्च तक माओवादी हिंसा से मुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल उन लोगों के मंसूबों को विफल कर देंगे जो आंध्र प्रदेश के तिरुपति से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर तक तथाकथित रेड कॉरिडोर बनाने का सपना देख रहे हैं।
ओडिशा के कटक जिले के मुंडाली में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 57वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि सुरक्षा बल उन ताकतों को हराएंगे, जो आंध्र प्रदेश के तिरुपति से लेकर नेपाल के पशुपतिनाथ तक रेड कॉरिडोर बनाने का सपना देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है और अब देश लाल आतंक को समाप्त करने के करीब पहुंच गया है।
शाह ने साफ तौर पर कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि 31 मार्च, 2026 तक यह देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। हमारे सुरक्षा बल तिरुपति से पशुपति तक रेड कॉरिडोर बनाने और अपना वर्चस्व स्थापित करने का सपना देखने वालों को पूरी तरह से पराजित करेंगे। अमित शाह ने देश के लिए सीआईएसएफ कर्मियों के "वीरता और आत्मबलिदान" की सराहना करते हुए उनकी सेवा के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि 56 वर्षों में, सीआईएसएफ ने न केवल अपने मूल उद्देश्य को पूरा किया है, बल्कि हर तरह की चुनौतियों का सामना करते हुए खुद को रूपांतरित भी किया है। वीरता और बलिदान भारत के गौरवशाली इतिहास की पहचान हैं। इन गुणों को समर्पण के साथ जोड़ते हुए और आधुनिक हथियारों से लैस होकर, सीआईएसएफ ने हर तरह की चुनौतियों का सामना करने का साहस दिखाया है। मैं बल के सभी कर्मियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने देश की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में बड़ी प्रगति की है।


No comments:
Post a Comment