ऑपरेशन के दो दिन बाद प्रसूता की मौत
अस्पताल में हंगामा, संगीत सोम के पहुंचने की सूचना
मेरठ। थाना मोदीपुरम क्षेत्र में पल्हेड़ा चौपले स्थित आज़ाद हॉस्पिटल में प्रसव के बाद भर्ती एक प्रसूता की संदिग्ध हालात में मौत हो जाने से शुक्रवार शाम हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर आक्रोश जताया। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
दौराला गांव निवासी शिवानी (28) पत्नी शोकेंद्र पाल को प्रसव पीड़ा होने पर पल्हेड़ा चौपले स्थित आज़ाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया था, जिसमें उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। बताया गया है कि महिला का इलाज डॉ. ग़ज़ाली फारूकी की देखरेख में चल रहा था।परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सही उपचार नहीं मिला और कुछ ही देर में महिला ने दम तोड़ दिया।प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे तथा अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंच कर मटक के परिजनों को शांत कराया मगर वह नहीं माने। परिजन महिला की मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment