गाली-गलौज के विरोध पर दो पक्षों में संघर्ष:पथराव में पांच लोग घायल
मेरठ। थाना लोहिया नगर क्षेत्र के अलीपुर गांव में शनिवार सुबह गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में बदल गई और जमकर पथराव व मारपीट हुई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, वहीं एक पालतू बिल्ली भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता भूरी पत्नी अनीश ने थाना पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि गांव का रहने वाला असद पुत्र नसरुद्दीन उसके चचिया ससुर कलवा के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इस पर उसके बेटे फरमान ने विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि असद अपने साथियों राशिद, आबिद, साजिद समेत कई महिलाओं और अन्य अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया। इस दौरान भूरी, उसकी बेटियां सोफिया व सुहाना तथा दूसरे पक्ष से साजिद और उसकी गर्भवती पत्नी रानी घायल हो गए। भूरी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की हंसली भी छीन ली।
संघर्ष के दौरान घर में मौजूद एक पालतू बिल्ली भी पथराव की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुमित तोमर का कहना है कि मामूली कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों ओर से तहरीर मिल गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment