ऐतिहासिक नौचंदी मेले का उद्घाटन आज
इस साल मेले के आयोजन का जिम्मा निभा रही जिला पंचायत, शाम 5 बजे भव्य उद्घाटन
1.03 करोड़ रुपये होंगे खर्च, 16 कार्यों के लिए टेंडर 30 मार्च को खुलेंगे
मेरठ। मेरठ का ऐतिहासिक मेला नौचंदी का उद्घाटन आज को होगा। नौचंदी ग्राउंड के शहीद गेट पर उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जिला पंचायत की ओर से मेले का आयोजन हो रहा है। मेले की नोडल अधिकारी सीडीओ नूपुर गोयल हैं। मेले में होने वाले विभिन्न कार्यों के लिए ई-टेंडर भी जारी किए गए हैं, जो 30 मार्च को खुलेंगे। इस बार नौचंदी मेला नई रंगत में दिखने की बात भी कही जा रही है।
आज शाम 5 बजे होने नौचंदी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के साथ-साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी अश्विनी त्यागी व धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम डॉ. वीके सिंह, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सीडीओ नूपुर गोयल अतिथि शामिल होंगे। अतिथि गणेश मंदिर और प्राचीन श्री चंडी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नौचंदी मेले का भव्य उद्घाटन करेंगे। नौचंदी मेले को आपसी सौहार्द का मेला भी कहा जाता है, क्योंकि चंडी देवी मंदिर के सामने ही बाले मियां की मजार है।
फव्वारे, फुलवारी व सजावट से चमकेगा मेला
जिला पंचायत ने मेला स्थल को तैयार करने के लिए विभिन्न कार्यों के लिए ई-टेंडर जारी कर दिए हैं। इन्हें एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। मेला स्थल पर प्रवेश द्वार, महापुरूषों की प्रतिमाओं की रंगाई पुताई, पटेल मंडप की सफाई और पुताई, मेला स्थल की चारदीवारी की मरम्मत, टीन की फेंसिंग लगाना, फव्वारे लगाना और फुलवारी के लिए पानी छिड़काव की व्यस्था, परिसर में पेयजल की लाइन, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, मेला स्थल की सजावट और लाइटें, यहां की दुकानों के भवनों की मरम्मत और रंगाई पुताई, मेला स्थल पर बेरिकेडिंग और मचान निर्माण, वीआईपी पंडाल तथा पटेल मंडप में फर्नीचर की आपूर्ति, मेला स्थल पर इंटरलाकिंग टाइल्स 1420 वर्ग मीटर की रोड निर्माण शामिल हैं। इन कार्यों के लिए टेंडर एक करोड़ तीन लाख रुपए के हैं।


No comments:
Post a Comment