सनातन जागृति से होगा हिन्दुत्व मजबूत: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
आईटीआई ग्राउंड में तीसरा विशाल सनातन संस्कृति जागरण अभियान
राष्ट्र की आत्मा है भारतीय संस्कृति: आचार्य सुधांशु महाराज
गुरुकुल स्थापना से होगा गुरू परंपरा का आरम्भ: महाराज उमेश नाथ
सनातन न कभी मिटा है न मिटेगा: कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम
मेरठ। जेल चुंगी स्थित आईटीआई संस्थान के मैदान में चल रहे तीसरे विशाल सनातन संस्कृति जागरण अभियान के तीसरे दिन शनिवार को प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आचार्य सुधांशु जी महाराज समेत सभी संतों का सरकार की ओर से स्वागत व अभिनंदन करते हुए कहा कि सनातन जागृति से हिन्दुत्व मजबूत होगा। सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए जहां भी जरूरत पड़ेगी, सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने सनातन संस्कृति जागरण अभियान के आयोजन की भी सराहना की।
सनातन संस्कृति जागरण अभियान के तीसरे दिन शाम को यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ-साथ योग गुरु रामदेव, उज्जैन के सांसद उमेश नाथ जी महाराज, वरिष्ठ कवि डॉ. हरिओम पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता हरेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से धर्मेन्द्र, पंडित सुनील भराला, आयुर्वेदाचार्य मनीष, कैंट विधायक अमित अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। आचार्य सुधांशु जी महाराज व डॉ. अर्चिका दीदी ने उनका स्वागत किया। सुधांशु जी महाराज ने कहा कि हमारी राष्ट्र की आत्मा ही भारतीय संस्कृति है। डॉ. अर्चिका दीदी ने कहा कि अपनी जिन्दगी की गाड़ी के मालिक स्वयं हैं, जब हम जुड़ते हैं तो आत्मा से तब अपना कल्याण कर पाते हैं।
योग गुरु रामदेव महाराज ने कहा कि ऋषियों की जितनी महिमा है उतनी ही गरिमा हमारी वीरांगनाओं की है। गुरुकुल पद्धति और संस्कार केन्द्र के लिए जो कार्य किया जा रहा है वह अभिनंदनीय है। हम सभी मिलकर इस राष्ट्र को ऋषि राष्ट्र बनाने में एकजुट होकर कार्य करेंगे। उज्जैन के सांसद उमेश नाथ जी महाराज ने कहा कि गुरुकुल की स्थापना से गुरु परंपर चलती रहे। हमारी परम्परा है सोलह संस्कारों की। बच्चों को पश्चिमी संस्कृति से भारतीय संस्कृति की ओर लौटना होगा। कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज ने कहा कि सनातन न कभी मिटा है और न कभी मिटेगा। सनातन हर उस जगह पर उपलब्ध है जहां त्याग, तपस्या और बलिदान है। वरिष्ठ कवि डॉ. हरिओम पंवार ने अपनी ओजस्वी कविता से सभी को सनातन धर्म के बारे में बताया। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह के परिवार का सुधांशु जी महाराज और डॉ. अर्चिका दीदी ने सम्मान किया। आयोजन में प्रयाग शर्मा, रत्न प्रकाश, मनोज शास्त्री, अशोक अग्रवाल, दीपक शर्मा, प्रवीण गुप्ता, आशीष अग्रवाल, आलोक गौतम आदि का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment