चार्जिंग के दौरान  ईवी कार बनी आग का गोला! 

एक ही घर में जिंदा जले 7 लोग, 3 ने किसी तरह बचाई जान

  इंदौर,एजेंसी।  इंदौर के बंगाली चौराहे के पास हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जिससे पूरे शहर में शोक का माहौल है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे गैस सिलेंडरों में धमाकों के कारण आग और भी भयावह हो गई और कई लोग बाहर नहीं निकल सके। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।वहीं 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।घटना के बाद से ही पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी थी । मकान मनोज पगोलिया का है।  दमकल और प्रशासन की टीमें बचाव अभियान में लगी हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है, लेकिन सात लोगों की मौत हो गई है। बिल्डिंग की दो मंजिलों को खाली करा लिया है, अभी एक और मंजिल की जांच की जा रही है। 

EV चार्जिंग से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग पूरे मकान में फैल गई और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

15 सिलेंडर, 4 धमाके… दहल उठा इलाका

सूत्रों के मुताबिक घर में करीब 15 गैस सिलेंडर रखे थे. जैसे ही आग वहां पहुंची, एक के बाद एक 4 सिलेंडर फट गए।धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मकान का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पारिवारिक कार्यक्रम बना त्रासदी

हादसे के समय घर में पारिवारिक आयोजन चल रहा था, जिसके चलते कई रिश्तेदार भी मौजूद थे। इसी वजह से नुकसान और ज्यादा हुआ. देखते ही देखते खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

रेस्क्यू में आई बड़ी चुनौती

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को निकलने का मौका ही नहीं मिला। संकरी गलियों और तेज लपटों की वजह से फायर ब्रिगेड को भी राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

यह हादसा साफ संकेत देता है कि EV चार्जिंग में सावधानी बेहद जरूरी है, घर में ज्यादा गैस सिलेंडर रखना खतरनाक हो सकता है। सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है।

यह हैं मृतक

जिस घर में आग लगी है, वह मनोज पुगलिया का है. मृतकों सिमरन, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि, छोटू सेठिया शामिल हैं। अभी 7वें व्यक्ति का पता नाम नहीं चला है. इसके अलावा सौरभ, सुनीता और सोनिल को रेस्क्यू किया गया था। 


No comments:

Post a Comment

Popular Posts