आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग
क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने तीन रन से जीता रोमांचक मैच
- मैन ऑफ द मैच क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के वियान जट राणा ने 60 गेंद पर नाबाद 119 रन बनाए
- क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के गेंदबाज सत्यम संघु ने आखरी ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए
- मेरठ कैंट कमांडोज के यशु प्रधान ने 7 चौके-3 छक्के के साथ 32 गेंद पर 60 रन बनाए
- मेरठ कैंट कमांडोज के वर्दित छोकर ने 11 चौके-3 छक्के के साथ 53 गेंद पर 99 रन बनाए
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर मंगलवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और मेरठ कैंट कमांडोज् के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मेरठ कैंट कमांडोज पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया।
क्रिक गिरी चैंप्स की ओर से सलामी बल्लेबाज के रूप में कप्तान शिवम बंसल और फार्म में चल रहे वियान जटराणा क्रीज पर उतरे। चौथे ओवर की पहली गेंद पर 29 रन के टीम स्कोर पर तेज शॉट मारने के प्रयास में कप्तान शिवम बंसल (14 रन) लक्की सैनी की गेंद पर प्रिंस यादव को कैच दे बैठे। अक्षय दुबे और वियान जट राणा महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 10 ओवर में स्कोर 97 रन पर पहुंचा दिया। इसी दौरान वियान जट राणा ने लीग में एक और अर्धशतक ठोक दिया था। 14वें ओवर में अक्षय दुबे 34 गेंद पर 51 रन (4 चौके-3 छक्के) बनाकर आउट हो गए लेकिन तब तक स्कोर 14 ओवर में 139 रन हो चुका था। अक्षय दुबे को रुद्राक्ष ने संदीप तोमर के हाथों कैच आउट कराया।
वियान जट राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। दो आतिशी छक्को के साथ तेज बल्लेबाजी कर रहे सत्यम संघु 14 गेंद पर 23 रन बनाकर प्रिंस यादव की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए। 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का मारकर वियान जट राणा ने क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 217 रन पर पहुंचा दिया। वियान जट राणा ने 6 चौके-10 छक्कों के साथ 60 गेंद पर नाबाद 119 रन बनाए। अधिराज यादव 3 रन बनाकर नाबाद लौटे।मेरठ कैंट कमांडोज के गेंदबाज प्रिंस यादव, लक्की सैनी और रुद्राक्ष ने एक-एक विकेट लिया।
218 रन के बडे़ लक्ष्य का पीछा करने उतरे मेरठ कैंट कमांडोज के सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान और वर्दित छोकर ने टीम को तेज शुरूआत दिलाई। दोनों ओपनर्स की कलात्मक बल्लेबाजी के सामने गेंदबाज निस्तेज नजर आए। मेरठ कैंट कमांडोज ने पावर प्ले के 6 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 84 रन बना लिए। यशु प्रधान ने 22 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। 8 ओवर में ही टीम ने बिना कोई विकेट खोए 111 रन बना डाले। अब जीत के लिए मेरठ कैंट कमांडोज 12 ओवर में 107 रन चाहिए थे और सभी विकेट हाथ में होने के कारण लक्ष्य अब आसान लगने लगा था।
अनुराग पोसवाल की एक तेज यार्कर को पढ़ने में यशु प्रधान चूक गए और गेंद सीधा उनके पैर पर जा टकराई। अंपायर ने उन्हें एलबीडब्लू आउट दे दिया। यशु प्रधान ने निर्णय के खिलाफ अपील की लेकिन टीवी अंपायर ने भी उन्हें आउट करार दिया। यशु प्रधान ने 7 चौके-3 छक्के के साथ 32 गेंद पर 60 रन बनाए। कप्तान संदीप तोमर ने नंबर तीन पर उतरने का फैसला लिया और आरूष की गेंद पर दो शानदार छक्का जड़कर रन गति को तेज करने की जिम्मेदारी उठा ली। दूसरे छोर से वर्दित छोकर भी लंगर डाल कर खड़ें थे। विकेट हाथ में थे लेकिन रन रेट भी कम नहीं था। योगेन्द्र की एक सटीक गेंद पर कप्तान संदीप तोमर की विकेट हवा में बिखर गयी। संदीप तोमर ने 1 चौके-3 छक्के के साथ 21 गेंद पर 32 रन बनाए।
इसके बाद पिछले मुकाबले के हीरो अक्षु बाजवा नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आए। शिवम की एक तेज गेंद पर वर्दित छोकर के खिलाफ एलबीडब्लू की तेज अपील हुई जिसे मैदानी अंपायर ने नाकार दिया। विकेटकीपर की डीआरएस की मांग पर थर्ड अंपायर ने भी नाकार दिया। 18 गेंद पर 33 रन की आवश्यकता थी। वर्दित छोकर ने योगेन्द्र की गेंद पर छक्का और दो चौके मारकर दबाव को दूसरी टीम पर शिफ्ट कर दिया।
अब जीत के लिए अंतिम 12 गेंद पर 16 रन की आवश्यकता थी। लेकिन वर्दित छोकर दुर्भाग्यशाली रहे और शतक से चूक गए। वर्दित छोकर को शिवम उज्जवल ने अधिराज सिंह के हाथों कैच आउट करा दिया। वर्दित छोकर ने 11 चौके-3 छक्के के साथ 53 गेंद पर 99 रन बनाए। इसी ओवर में प्रिंस यादव भी बिना कोई रन बनाए अधिराज सिंह को कैच दे बैठे।
अंतिम 6 गेंद पर 10 रन चाहिए थे। सत्यम संघु की पहली गेंद पर ही अक्षु बाजवा (7 रन) गेंद हवा में उछाल बैठे और शिवम उज्जवल ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। इंपैक्ट प्लेयर राहुल ने पहली ही गेंद पर 3 रन बना दिए। वंश दूसरा रन लेने के प्रयास में बाल-बाल बच गए। दबाव में आए गेंदबाज में वाइड गेंद फेंक दी। 3 गेंद पर चार रन चाहिए थी एक डॉट बॉल ने फिर मैच बदल दिया। पांचवी ही गेंद पर वंश (6 रन) भी शिवम उज्जवल को कैच दे बैठे। सत्यम संघु की आखरी गेंद पर 4 रन चाहिए थे लेकिन लक्ष्य सैनी चूक गए और गेंद बिना कोई रन दिए विकेटकीपर के दस्तानों में समा गयी। मेरठ कैंट कमांडोज् ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन ही बना पाई।इस प्रकार क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा ने तीन रन से मैच जीत लिया।क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के गेंदबाज शिवम उज्जवल ने 2, सत्यम संघु ने 2, अनुराग पोसवाल और योगेन्द्र ने एक-एक विकेट लिया।


No comments:
Post a Comment