ड्रोन व सीसीटीवी कैमरें की निगरानी में रखी जाएगी नमाज स्थानों पर नजर
सड़क पर नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट
मेरठ। ईद को लेकर पुलिस प्रशासन रणनीति बनाने में जुट गया है। मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है ताकि असामाजिक तत्व अपने मंसूबों में कामयाब ना हो सके।अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में आरएएफ और पीएसी के अलावा QRT की तैनाती की गई है। मिश्रित इलाकों की ड्रोन से निगरानी की रणनीति तैयार की गई है।
शहर में ईदगाह और फैज-ए-आम कॉलेज ऐसे दो स्थान हैं जहां ईद की नमाज पढ़ने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ती है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 18 प्रभारी निरीक्षक, 6 पुलिस क्षेत्राधिकारी, दो एडिशनल एसपी, 250 पुलिसकर्मी के अलावा आरएएफ, पीएसी और क्यूआरटी की तैनाती रहेगी।
सड़क पर नहीं पढ़ने दी जाएगी नमाज
सड़क पर नमाज ना पढ़ी जाए इसको लेकर भी पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। पूर्व में जिन लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे, उनको पुलिस द्वारा नोटिस थमाया गया है। थाने बुलाकर हिदायत दी गई है कि अगर किसी भी तरह की अव्यवस्था में उनका नाम आया तो पुलिस कड़ा एक्शन लेगी।
ड्रोन से की जाएगी निगरानी
नमाज स्थलों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। ऐसे में पुलिस द्वारा CCTV कैमरे भी लगवाए जा रहे हैं। इन कैमरों को अफसर लाइव अपने मोबाइल अथवा टैब पर देख सकेंगे।छोटा कंट्रोल रूम भी बनवाया जा रहा है। सादे कपड़ों में भी पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा ड्रोन की व्यवस्था भी तैयार की गई है।
सुबह 6 बजे से सड़क पर होगी पुलिस
ईद की नमाज को देखते हुए ड्यूटी लगा दी गई हैं। सुबह 6 बजे से पुलिस सड़क पर रहेगी। कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी तैयार की गई है। हालांकि दिल्ली रोड पर वाहनों को बहुत कम समय के लिए रोका जाएगा।दिल्ली रोड पर वाहन चलते रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लगाई गई है। डाइवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 375 मस्जिद और 28 ईदगाह हैं, जहां की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। धर्मगुरुओं से बात की जा चुकी है।जिन लोगों ने पूर्व में माहौल खराब करने का प्रयास किया था, उनको रेड कार्ड नोटिस जारी हुए हैं। शहर में कुछ रास्ते तैयार हुए हैं, इस बार वहां भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। प्रत्येक मोहल्ले में मीटिंग कर अपील की गई है कि सड़क पर नमाज ना पढ़े।


No comments:
Post a Comment