खाड़ी देशों में फंसे मेरठ के सैकड़ों लोग
- किसी की जॉब तो कोई गया धार्मिक कार्यों से
- इनमें बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं भी शामिल
- फ्लाइट कैंसिल होने से बीच में ही अटके कई परिवार
मेरठ। ईरान पर अमेरिका एवं इजरायल के संयुक्त आक्रमण के बाद खाड़ी देशों में फंसे लाखों भारतीयों की सांसे अटकी हुई हैं। ईरान पर अमेरिका के अटैक के बाद ईरान से लेकर इराक, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और दुबई के अलावा अन्य खाड़ी देशों में मेरठ के हजारों लोग फंसे हुए हैं।
मेरठ के शास्त्री नगर सेक्टर 11 के रहने वाले अफजाल चौहान का लगभग पूरा परिवार इस समय बहरीन में है। उनके बेटे फैज़ की रविवार को बहरीन से दिल्ली की फ्लाइट थी जहां से उन्हें मेरठ आना था, लेकिन युद्ध के हालातों के चलते उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई। अफजाल चौहान के दूसरे बेटे फैसल, उनकी पत्नी रुकैया और फैसल के दोनों बेटों आज़म और यूसुफ की फ्लाइट फिलहाल 10 मार्च को प्रस्तावित है। इस फ्लाइट को लेकर भी अभी असमंजस की स्थिति है। इसके अलावा रामबाग कॉलोनी, जैदी फार्म, पूर्वा फैयाज अली, खैर नगर, कोटला और घंटाघर के इलाक़े के कई परिवार भी ईरान, इराक, और सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। रामबाग कॉलोनी निवासी साबिर हुसैन के बेटे इमरान अपनी पत्नी आफरीन के साथ जियारतों के लिए ईरान और इराक गए हुए हैं। खैर नगर के आसिफ की सऊदी अरब के जद्दा शहर में जॉब है। वह कंप्यूटर इंजीनियर हैं। इसके अलावा मेरठ तथा आस पास के कई छात्र ईरान यूनिवर्सिटी में धार्मिक शिक्षा हासिल करने के लिए गए हुए हैं। उधर मेरठ के लगभग डेढ़ हजार ज़ायरीन इस समय उमरा यात्रा पर सऊदी अरब गए हुए हैं। हालांकि अधिकतर लोगों का अपने परिजनों से फोन के जरिए संपर्क हो चुका है लेकिन सभी डरे हुए हैं और हवाई क्षेत्र खुलने पर जल्द से जल्द वापसी की तैयारी में है।



No comments:
Post a Comment