आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः

 डीलएलएस से हुआ फैसला में  मेरठ साउथ वारियर्स ने जीता मैच

- बारिश के कारण पूरा न हो सका क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और मेरठ साउथ वारियर्स के बीच खेला गया मैच

- मैन ऑफ द मैच बने मेरठ साउथ वारियर्स के बल्लेबाज इंजमाम हुसैन ने 14 गेंद पर 31 रन बनाए

- क्रिक गिरी चैंप्स के बल्लेबाज अक्षय दुबे ने 41 गेंदों पर 52 रन बनाए

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में गुरुवार को दूसरा मैच क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और मेरठ साउथ वारियर्स के बीच खेला गया। मेरठ साउथ वारियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। क्रिक गिरी चैंप्स के सलामी बल्लेबाज शिवम बंसल और वियान जट राणा ने टीम को तेज शुरूआत दिलाई। मगर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे शिवम बंसल (11 गेंद पर 22 रन) चौथे ओवर में अंकुश नागर की गेंद पर यश कौशिक को कैच थमा बैठे। लयहीन दिख रहे वियान जट राणा (16 गेंद पर 6 रन) धैर्य खो बैठे और अंकुश नागर की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में अंकुर मलिक के हाथों कैच आउट हो गए। अक्षय दुबे और सत्यम संघु ने पारी को संभालते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। वहीं मेरठ साउथ वारियर्स के फील्डरों ने कई कैच छोड़कर टीम को संकट में डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सत्यम संघु (18 गेंद पर 11 रन) सिद्धार्थ यादव की गेंद की लाइन में आने से चूके और बॉल ने उनकी गिल्लियां उखाड़ दी। नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने आए अधिराज यादव ने अक्षय दुबे का साथ निभाने का प्रयास किया। 14वें ओवर तक मेरठ साउथ वारियर्स के खिलाड़ी 6 कैच छोड़ चुके थे।

अधिराज यादव तेजी से रन बनाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन रिषभ बंसल ने अपनी ही एक गेंद पर उनका कैच पकड़ कर पारी का अंत कर दिया। अधिराज यादव ने 19 गेंद पर 29 रन बनाए। सुशांत भी ज्यादा देर तक पिच पर रूक नहीं पाए और 5 रन बनाकर विनित पंवार की गेंद पर बोल्ड हो गए। शानदार बल्लेबाजी कर रहे अक्षय दुबे ने अर्धशतक बनाया लेकिन अनुराग गौतम ने उन्हें रन आउट कर दिया। अक्षय दुबे ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 41 गेंदों पर 52 रन बनाए। 126 रन पर छह विकेट गिर जाने के बाद विनित (शून्य) को सिद्धार्थ यादव ने रन आउट कर दिया। नमन भी बिना कोई रन बनाए यश कौशिक के हाथों रन आउट हो गए। शिवम उज्जवल दो छक्कों के साथ 10 गेंद पर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। क्रिक गिरी चैंप्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए।

मेरठ साउथ वारियर्स की ओर से अंकुश नागर ने दो, विनित पंवार, सिद्धार्थ यादव और रिषभ बंसल ने एक-एक विकेट लिया।

मेरठ साउथ वारियर्स की पारी की शुरूआत होने से पहले एक बार फिर बारिश ने खलल डाला और मैच शुरू होने में देरी हुई। सलामी बल्लेबाज विश्वेन्दर चौधरी और इंजमाम हुसैन ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। मगर चौथे ओवर में 28 रन के स्कोर पर मेरठ साउथ वारियर्स को पहला झटका लगा विश्वेन्दर चौधरी (7 रन) अनुराग पोसवाल की गेंद पर सत्यम संघु को कैच दे बैठे। इसके बाद जब शानदार बल्लेबाजी कर रहे इंजमाम हुसैन सातवें ओवर में शिवम उज्जवल की एक गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए। इंजमाम हुसैन ने 4 छक्के और एक चौके की मदद से 14 गेंद पर 31 रन बनाए। अनुराग गौतम और अंकुर मलिक ने स्कोर को आगे बढ़ाना जारी रखा। नौवें ओवर की पहली ही गेंद के बाद फिर से बारिश शुरू हो गयी और मैच को रोकना पड़ गया। मैच रूकने तक मेरठ साउथ वारियर्स ने 8.1 ओवर में दो विकेट खोकर 74 रन बना लिए थे। मैच न होने की संभावना को देखते हुए मैच रेफरी ने डीएलएस नियम के अनुसार मेरठ साउथ वारियर्स की टीम को विजेता घोषित कर दिया। अनुराग गौतम 17 और अंकुर मलिक 9 रन बनाकर नाबाद लौटे।  क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के गेंदबाज अनुराग पोसवाल और शिवम उज्जवल ने एक-एक विकेट लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts