रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ी, चालक की मौत, कई यात्री गंभीर
हापुड़। हापुड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-9 पर तेज रफ्तार में दौड़ रही एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस भीषण हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस (संख्या UP 78 LN 6325) पीलीभीत से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब बस बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उपेड़ा के पास पहुंची, तभी अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और संतुलन बिगड़ते ही वह सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई।
हादसे के समय बस में कुल 33 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में लगभग 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बस चालक मंगल सिंह (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी भवंतनगर त्रिलोकपुर खीरी, की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी मुनिश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और बस का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, लेकिन अन्य संभावनाओं को भी खंगाला जा रहा है।


No comments:
Post a Comment