एससी एसटी छात्रों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 

 मेरठ। एग्रीटेक इनोवेशन हब, तकनीकी महाविद्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी), में “डिजिटल लर्निंग ऑफ एआई टूल्स, करियर उन्नयन एवं उद्यमिता” विषय पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों हेतु आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल उपकरण शिक्षा, रोजगार तथा उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, नवाचार तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से समग्र विकास के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के प्रावधानों एवं उद्देश्यों का अनुसरण करने का आह्वान किया, जिससे वे ज्ञान, कौशल, नवाचार तथा नैतिक मूल्यों से युक्त होकर भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।

तकनीकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जयवीर सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण, करियर उन्नयन तथा उद्यमिता से संबंधित व्यवहारिक एवं नवीन ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रोजगारोन्मुख कौशल संवर्धन तथा स्वरोजगार की संभावनाओं को सशक्त बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के पाँच दिनों में विद्यार्थियों को एआई टूल्स के उपयोग, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, करियर विकास, संचार कौशल, स्टार्टअप तथा उद्यमिता के विभिन्न आयामों पर व्याख्यान, अभ्यास सत्र एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान रिया जावला, सीएल एजुकेट लिमिटेड, नई दिल्ली, तथा डॉ. निलेश चौहान भी उपस्थित रहे। दोनों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए डिजिटल अधिगम, करियर नियोजन तथा उभरते उद्यमिता अवसरों पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अभिषेक कुमार एवं इंजी. खुशबू राय रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उद्घाटन सत्र का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

 


No comments:

Post a Comment

Popular Posts