देशभर में मनी ईद: पीएम मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू ने दी मुबारकबाद
भाईचारे का संदेश भी दियानई दिल्ली (एजेंसी)।आज ईद के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “ईद-उल-फितर का यह पर्व हमारे समाज में दयालुता, उम्मीद और सद्भाव की भावना को प्रबल करता है। मैं कामना करता हूँ कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए।” प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से दुआ की कि वे अपने जीवन में यह पर्व शांति और सौहार्द से मनाएं।
रमजान के पूरे 30 रोजे और इबादतों के बाद देशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला, जब ईद का चांद नजर आया। चांद दिखते ही मस्जिदों से एलान किया गया और लोगों ने आसमान में पटाखे जलाकर अपनी खुशी जाहिर की। अकीदतमंदों के चेहरों पर रौनक लौट आई और लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देने लगे।
इसी मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि ईद-उल-फितर की बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि यह दिन आपसी भाईचारे और दया की भावना को और मजबूत करे। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दी शुभकामनाएं
ईद-उल-फितर के खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए सभी नागरिकों, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ईद का यह त्योहार हमें आत्मसंयम, सेवा और दूसरों की मदद करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि इस दिन हमें जरूरतमंदों और कमजोर वर्ग के लोगों के प्रति दया और सहयोग का भाव रखना चाहिए।


No comments:
Post a Comment