उत्तराखंड में मौसम का बदल रहा है: बर्फबारी से गंगोत्री हाईवे बंद, कई गांवों का संपर्क टूटा
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। उत्तरकाशी की हर्षिल घाटी में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के चलते गंगोत्री नेशनल हाईवे (NH-34) सुक्की टॉप के पास बंद हो गया है। इससे हर्षिल के सात गांवों, गंगोत्री धाम और अंतरराष्ट्रीय सीमा का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। सीमा सड़क संगठन (BRO) के अनुसार, बर्फबारी रुकने के बाद ही सड़क खोलने का कार्य शुरू होगा।
वहीं, बदरीनाथ धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी भारी बर्फबारी जारी है। धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नीति घाटी और औली के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 25 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है।
इधर, बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्य भी बर्फबारी से प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, अलकनंदा नदी के किनारे सुरक्षा दीवार, सौंदर्यीकरण और हाई-टेक अस्पताल निर्माण जैसे कार्य जारी हैं, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी से काम की रफ्तार धीमी पड़ गई है।


No comments:
Post a Comment