सांसद चंन्द्रशेखर ने अग्निकांड पीड़ितों के लिए सरकार से मांगे पांच करोड़ 

मेरठ। किदवईनगर में मकान में भीषण आग लगने से छह लोगों की दुखद मृत्यु के मामले में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रविवार को मेरठ आकर पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी। आजाद समाज पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और सरकार से पीड़ित परिवार को पांच करोड़ की आर्थिक सहायता देने की मांग की। 

सांसद चंद्रशेखर ने घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ करीब आधा घंटे तक बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान, पीड़ित परिवार ने आर्थिक मदद के लिए इंकार कर दिया, लेकिन सांसद चंद्रशेखर ने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और पीड़ित परिवारों को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।

अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य पर भी उठाए सवाल

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान, सांसद चंद्रशेखर ने अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इज़राइल सुपरपावर बनने की होड़ में हैं और जब मन चाहा, तब किसी देश पर हमला कर देते हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी देश को गलतफहमी हुई और उन्होंने भारत की तरफ आंख उठाई, तो ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि भारत की मिट्टी में वह दम है जिसने अंग्रेजों को खदेड़ दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की आंतरिक राजनीति पर वे विचार करेंगे, लेकिन किसी दूसरे देश को भारत के बारे में कुछ भी बोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। चंद्रशेखर ने मेरठ के आईआईएमटी विवि में मुस्लिम छात्र को पीटने की भी निंदा की। 

पांच बच्चों समेत छह की जलकर हुई मौत 

मेरठ स्थित थाना लिसाड़ीगेट में एक सप्ताह पूर्व कपड़ा कारोबारी आसिम के मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके पांच बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें दो जुड़वां बहनें हैं। मृतक में रुखसार (30 वर्ष) पत्नी आसिम, अकदस (3 वर्ष) पुत्र आसिम, अनबिया (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां), इनायत (6 माह) पुत्री आसिम (जुड़वां), महविश (12 वर्ष) पुत्री फारूक, हम्माद (4 वर्ष) पुत्र फारूक शामिल थे।

 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts