आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग

 अक्षु बाजवा के शानदार अर्धशतक से मेरठ कैंट कमांडोज् 5 विकेट से जीता

- मेरठ कैंट कमांडोज् के अक्षु बाजवा (मैन ऑफ द मैच) ने मात्र 16 गेंद पर नाबाद 51 रन बनाए

- मेरठ साउथ वारियर्स के विश्वेन्दर चौधरी ने 62 गेंद पर 99 रन बनाए

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर रविवार को लीग का दूसरा मैच शाम छह बजे से मेरठ साउथ वारियर्स और मेरठ कैंट कमांडोज् के बीच खेला गया। टाॅस जीत कर मेरठ साउथ वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज विश्वेन्दर चैधरी ने इंजमाम के साथ मिलकर तेजी से रन बनाना शुरू किया। 46 रन के स्कोर पर मेरठ साउथ वारियर्स को पहला झटका लगा जब इंजमाम 15 रन बनाकर अक्षु बाजवा की गेंद पर पृथ्वीराज सिंह चैहान को कैच दे बैठे। नंबर तीन पर आए सिद्धार्थ यादव (6 रन) रूद्राक्ष की गेंद पर संदीप तोमर के हाथों कैच आउट हो गए। टीम के स्कोर में एक ही रन का इजाफा हुआ था की अंकुर मलिक बिना कोई रन बनाए अक्षु बाजवा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 10.3 ओवर में 66 रन पर तीन विकेट गंवा कर मेरठ साउथ वारियर्स संकट में थी। मगर एक छोर पर खड़े विश्वेन्दर चैधरी गिरती विकटों को नजरअंदाज करते हुए बेखौफ शाॅट लगाते रहे। अनुराग गौतम ने भी उनको स्ट्राइक देते हुए स्कोर को आगे बढ़ाना जारी रखा। 16वें ओवर में 116 के स्कोर पर अनुराग गौतम (19 रन) पृथ्वीराज सिंह चैहान की गेंद को समझने में चूके और उनकी गिल्लियां हवा में बिखर गयी। शानदार बल्लेबाजी करते हुए विश्वेन्दर चैधरी को अपना शतक पूरा करने के लिए अंतिम दो गेंद पर 8 रन चाहिए थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का मारने वाले विश्वेन्दर चौधरी अंतिम गेंद पर दो रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। विश्वेन्दर चौधरी ने 9 चैके और 5 छक्के की सहायता से 62 गेंद पर 99 रन बनाए। अमोघ जिंदल 10 गेंद पर 16 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। मेरठ साउथ वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर दिया। 

मेरठ कैंट कमांडोज् की ओर से अक्षु बाजवा ने दो, पृथ्वीराज सिंह चैहान और रूद्राक्ष ने एक-एक विकेट लिया। टीम ने 17 अतिरिक्त रन भी दिए।

173 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए मेरठ कैंट कमांडोज् के सलामी बल्लेबाज हितेश कुमार और यशु प्रधान मैदान में उतरे और संभलकर खेलते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाना शुरू किया। 56 रन के स्कोर पर आठवां ओवर फेंक रहे अंकुश नागर ने यशु प्रधान को बाउंड्री पर शुभम मिश्रा के हाथों कैच आउट करा दिया। यशु प्रधान ने 18 गेंद पर 16 रन बनाए। नंबर तीन पर वर्णित बल्लेबाजी करने आए। 10वें ओवर की पहली ही गेंद पर अंकुश नागर ने हितेश कुमार को क्लीन बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। हितेश कुमार ने चार चैकों के साथ 30 गेंद पर 34 रन बनाए। इसके बाद कप्तान संदीप तोमर पिच पर उतरे और वर्णित के साथ स्कोर को बढ़ाने का प्रयास किया। 

10 ओवर के बाद मेरठ कैंट कमांडोज् का स्कोर दो विकेट पर 70 रन था और आवश्यक रन रेट 10 से ऊपर पहुंच गया था। पिच पर खड़े दोनों ही बल्लेबाज नए थे जिनके लिए लक्ष्य को हासिल करना चुनौतीपूर्ण था। 78 रन पर सिद्वार्थ यादव ने एक सटीक गेंद पर वर्णित (16 रन) को चैंकाया और बल्ले का किनारा छूती हुए गेंद सीधा विकेटकीपर यश कौशिक के दस्तानों में समा गयी। यहां से मेरठ कैंट कमांडोज की राह मुश्किल दिखाई दे रही थी और टीम की उम्मीद कप्तान संदीप तोमर और प्रिंस यादव पर टिकी थीं। लेकिन 15वां ओवर फेंकने आए अंकुश नागर ने कप्तान संदीप तोमर (11 रन) को बाउंड्री पर शुभम मिश्रा के हाथों कैच आउट करा कर मेरठ साउथ वारियर्स को जीत की राह दिखा दी। मगर अंकुश नागर के इसी ओवर में अक्षु बाजवा ने लगातार दो छक्के मारकर माहौल बदल दिया। 16वां ओवर फेंकने आए कप्तान विनित पंवार की पहली ही गेंद पर अक्षु बाजवा ने एक और छक्का लगा कर मैच को रोमांचक बना दिया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गेंद बाउंड्री के बाहर चली गयी।

मेरठ कैंट कमांडोज् को अंतिम 24 गेंद पर 44 रन चाहिए थे। अक्षु बाजवा ने सिद्वार्थ यादव की गेंद पर लगातार दो छक्के मारकर मैच का रोमांच और बढ़ा दिया। 19वां ओवर फेंकने आए विनित पंवार की पहली दो गेंद पर प्रिंस यादव ने गगनचुंबी छक्के मारकर अपने इरादे जाहिर किए। लेकिन इसी ओवर की पांचवी गेंद पर प्रिंस यादव गेंदबाज विनित पंवार की बाॅल पर छक्का मारने के प्रयास में डीप स्कवेयर लेग पर खड़े अमोघ जिंदल के हाथों कैच आउट हो गए। प्रिंस यादव ने तीन छक्कों के साथ 24 गेंद पर 31 रन बनाए।

अंतिम 6 गेंद पर 12 रन चाहिए थे। अक्षु बाजवा ने शुभम की पहली दो गेंद पर छक्के मारकर मेरठ कैंट कमांडोज् को 5 विकेट से जीत दिला दी। अक्षु बाजवा ने मात्र 16 गेंद पर नाबाद 51 रन (एक चैका-सात छक्के) बनाए। वहीं इंपैक्ट प्लेयर के रूप में आए गौरव यादव बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 173 रन बनाए।

मेरठ साउथ वारियर्स के गेंदबाज अंकुश नागर ने तीन, तथा विनित पंवार और सिद्वार्थ यादव ने एक-एक विकेट लिया।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts