कमानी टूटने से रोड़ी लदा ट्रक पलटने से सड़क किनारे सो रहे 2मजदूरों की मौत, दो गंभीर
बुलंदशहर। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब रोड़ी (गिट्टी) से लदा एक ट्रक अचानक कमानी टूटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय सड़क किनारे सो रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और ट्रक व रोड़ी के नीचे दब गए।
हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राकेश (30) पुत्र राजेंद्र और पवन (35) पुत्र बनवारी लाल निवासी रहीम कोर्ट, डिबाई के रूप में हुई है। दोनों मजदूर मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे और घटना के समय सड़क किनारे सो रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जेसीबी की सहायता से मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक की कमानी टूटने से वाहन अचानक असंतुलित हो गया और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


No comments:
Post a Comment