28वीं मंजिल से कूदकर बी-टेक की छात्रा ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

पिता के सामने बालकनी से लगाई छलांग, दो दिन पहले ही पंजाब से लौटी थी अर्पिता

नोएडा। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-32 स्थित 'अमौर सोसाइटी' में शनिवार देर रात एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई। सोसाइटी के डी-ब्लॉक की 28वीं मंजिल से कूदकर 21 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अर्पिता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बस्ती जिले के मंडेरवा गांव की रहने वाली थी और पंजाब के एक कॉलेज से बी-टेक की पढ़ाई कर रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की है। अर्पिता अपने व्यवसायी पिता के साथ फ्लैट में मौजूद थी। अचानक उसने बालकनी से छलांग लगा दी। भारी आवाज और चीखें सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर दौड़े, जहां अर्पिता लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-24 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना के बाद से पूरी सोसाइटी में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस आसपास के लोगों और दोस्तों से भी पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

डिप्रेशन की बात आ रही सामने

परिजनों के प्राथमिक बयानों के अनुसार, अर्पिता पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी। वह महज दो दिन पहले ही अपनी पढ़ाई छोड़कर पंजाब से नोएडा स्थित घर लौटी थी। हालांकि, उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

मोबाइल फोन खोल सकता है राज

पुलिस अब अर्पिता के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रही है। कॉल डिटेल्स और मैसेज की जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह किसके संपर्क में थी और उसकी मानसिक स्थिति के पीछे की असल वजह क्या थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू, विशेषकर मानसिक स्वास्थ्य और पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की गहनता से जांच कर रहे हैं। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts