मुरादाबाद के बदमाश करते थे शहर में चोरी
पुलिस मुठभेड़ में दो घायल समेत तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना सिविल लाईन की पुलिस टीम द्वारा अन्तर्राज्यीय स्तर के चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो घायल समेत 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 40 हजार रुपये नगद, 2 तमंचे जिंदा व खोखा कारतूस तथा पल्सर मोटर साईकिल बिना नम्बर बरामद की है। तीनों बदमाश मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श कॉलोनी के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा नगर के मोहल्ला फ्रेंड्स कॉलोनी में त्यागी धर्मशाला के पास से गाड़ी का शीशा तोड़कर नगदी चोरी करने की घटना की गयी थी। नगर के थाना सिविल लाइन पर चोरी की घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कराया गया था। 16 व 17 फरवरी की मध्य रात्रि को थाना सिविल लाईन पुलिस संधावली अण्डर पास के पास चैकिंग की जा रही थी। तभी हाई-वे की तरफ से 1 मोटरसाईकिल आती दिखाई दी, नजदीक आने पर पुलिस टीम द्वारा चेकिंग हेतु रुकने का इशारा किया गया तो बाइक चला रहा युवक मोटर साईकिल को तेजी से पीछे की तरफ मोडकर भागने का प्रयास करने लगे। तेजी से मोड़ने के कारण मोटर साईकिल अनियंत्रित होकर गिर गयी जिस कारण तीनो व्यक्ति मोटर साईकिल को वहीं छोडकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे । पुलिस टीम द्वारा पीछा करते हुए अपनी आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म जवाबी फायरिंग की गयी जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने सेघायल हो गये तथा तीसरे को पुलिस टीम ने कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया।
दोनों घायल अभियुक्तों ने अपना नाम जितेन्द्र एवं शशि बताया, जो मुरादाबाद जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के आदर्श कालोनी के निवासी हैं, जबकि उनका तीसरा साथी दिलीप भी मुरादाबाद के आदर्श कॉलोनी का निवासी है। उनके कब्जे से पुलिस ने 2 तमंचे मय 2 जिंदा व 2 खोखा कारतूस 315 बोर व 1 पल्सर मोटर साईकिल बिना नम्बर प्लेट व चोरी किए गए 40 हजार रूपये बरामद किये गये। दोनों घायल जितेंद्र व शशि को पुलिस टीम द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा पुलिस को बताया गया कि उन् तीनों ने मिलकर 7 फरवरी को त्यागी धर्मशाला के पास खडी गाडी का शीशा तोडकर गाडी से 50 हजार रूपये चोरी कर लिये तथा उसी दिन उनके द्वारा जनपद मेरठ मे भी एक घटना की गई थी, पुलिस का कहना है कि बदमाश किसी मुठभेड़ को अंजाम देने के लिए सक्रिय थे, लेकिन मुठभेड़ में पकड़े गए। घायल जितेन्द्र के खिलाफ हरियाणा में विभिन्न थानों में कई मामलों के साथ ही लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, मेरठ मुजफ्फरनगर में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य दो बदमाशों का भी आपराधिक इतिहास है।


No comments:
Post a Comment