अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़:एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल-उपकरण बरामद
मेरठ। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रविवार रात पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने गली नंबर 7 स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में बने-अधबने पिस्टल, उनके पार्ट्स तथा उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद पुत्र हबीब के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग एक साल से शालीमार गार्डन की गली नंबर सात में साकिब पुत्र सराफत के मकान में किराए पर रह रहा था। यहीं से वह अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई का काम कर रहा था।साजिद को मकान मालिक साकिब का जीजा बताया जा रहा है, जिसके चलते दोनों के आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में देसी पिस्टल के फ्रेम, बैरल, स्प्रिंग, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य तकनीकी उपकरण मिले हैं।पुलिस गिरफ्तार आरोपी साजिद से पूछताछ कर पूरे गैंग का भंडाफोड़ करने की तैयारी में जुट गई है। पुलिस उसका सप्लाई नेटवर्क, संभावित ग्राहकों और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment