सालों बाद साथ दिखे सुभाष घई और उनकी 'शिष्या' मीनाक्षी शेषाद्री
मुंबई । अपनी बेहतरीन कहानी कहने की शैली और खास दृष्टिकोण के लिए पहचान रखने वाले सुभाष घई दर्शकों के बीच एक खास स्थान रखते हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्री और राकेश बख्शी के साथ लोकप्रिय रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ में हिस्सा लिया।
इस विशेष एपिसोड की थीम ‘गुरु-शिष्य’ पर आधारित थी। निर्देशक ने शो की कुछ झलकियां इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "मंगलवार को इंडियन आइडल के शूट में हिस्सा लेना सच में बहुत मजेदार रहा। शो में थीम थी 'गुरु-शिष्य'। मेरे साथ मेरी प्रिय शिष्य मीनाक्षी शेषाद्री और मेरे सहायक राकेश बख्शी भी मौजूद थे।" सुभाष ने आगे बताया कि इस एपिसोड में महान गीतकार आनंद बख्शी को श्रद्धांजलि भी दी गई थी। उन्होंने लिखा, "प्रतियोगियों ने मेरी फिल्मों के गाने गाए। शो में मशहूर जज श्रेया घोषाल और बादशाह भी शामिल हुए। मनोरंजन चाहिए? तो थोड़ा इंतजार कीजिए, शो देखिए और हर पल का आनंद लीजिए।"
घई हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक हैं। मनोरंजन जगत में उनका योगदान शानदार है। उन्होंने अपनी फिल्मों के द्वारा मनोरंजन देने के साथ-साथ कई नए कलाकारों को मौका भी दिया है।


No comments:
Post a Comment