सरकार के सकारात्मक प्रयासों से आज विकास का मॉडल बन रहा है मेरठ- धर्मपाल सिंह
समस्त विभाग नये वित्तीय वर्ष हेतु 15 अप्रैल तक तैयार करें कार्य योजना
त्यौहार के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था रहे चाक-चौबंद, साईबर क्राईम पर दिया जाये विशेष ध्यान
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियो के साथ की विकास और सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक
मेरठ । विकास भवन सभागार में मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन उप्र/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा विकास और सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक की गई। मंत्री ने विभागवार समीक्षा करते हुये कहा कि आज मेरठ सरकार के किये गये प्रयासो से विकास का मॉडल बन रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का पैमाना सडको से मापा जाता है, मेरठ में बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित हुई है।
कहा कि आज एक ही टै्रक पर नमो भारत और मेरठ मैट्रो दौड रही है। उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित रहे, नगर और ग्रामीण क्षेत्रो में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाये। इस अवसर पर मंत्री द्वारा उ.प्र. मिलेट्स पुर्नाद्धार कार्यक्रम 2025-26 योजनान्तर्गत खेती, प्रसंस्करण, विपणन एवं उपभोग को प्रोत्साहित करने हेतु एलईडी प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रभारी मंत्रीने विधानसभावार लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभाग द्वारा निर्माणाधीन सडको की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि शेष निर्माणाधीन सडको का कार्य मार्च अंत तक पूरा कर लिया जाये। जो सड़के पूर्ण हो गई है उनका लोकार्पण मा0 जनप्रतिनिधियों से कराया जाये। उन्होंने कहा कि हर विभाग वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना 15 अप्रैल तक अवश्य बना लें। मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत आवासो की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तथा नये वर्ष के आवास को चिन्हित कर उनको बनाने के निर्देश दिये गये।
प्रभारी मंत्री ने गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अधिक गेहूं क्रय केन्द्र खोले जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, सीएम हैल्पलाईन पर प्राप्त शिकायतो का निस्तारण मेरिट के आधार पर किया जाये। उन्होने प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा में बच्चो को मोबाइल के प्रयोग के सकारात्मक/नकारात्मक प्रभावो पर बताया जाये तथा कार्यशाला के माध्यम से उनको जागरूक किया जाये। पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि त्यौहार के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। साइबर क्राईम पर विशेष ध्यान दिया जाये, कोई भी मामला आने पर त्वरित कार्यवाही की जाये। गौशालाओ में किये गये कार्यों की समीक्षा की गई उन्होने कहा कि देशी नस्लो के सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान कराया जाये। आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाये और शिविर लगाकर अधिक से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाये जाये।
इसके अलावा तहसील से संबंधित कार्य, वरासत, पैमाईश, सीआईएमएस पोर्टल, जल जीवन मिशन, नगर विकास, सिंचाई निर्माण खंड, समाज कल्याण, कृषि सहित अन्य संबंधित विभागो की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि नीलेश चौरसिया, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment