नीला ड्रम हत्याकांड़ 

 फील्ड यूनिट प्रभारी ने कोर्ट में मोर्चरी से शव और घटनास्थल से साक्ष्य बरामदगी की जानकारी दी

 मेरठ। शहर के  चर्चित नीला  ड्रम हत्याकांड में सोमवार को जिला जज की अदालत में फील्ड यूनिट प्रभारी अंशुल कुमार की गवाही दर्ज की गई। कोर्ट ने उन्हें साक्ष्य के तौर पर तलब किया था, फील्ड यूनिट ऑफिसर ने कोर्ट में अपनी गवाही दी, साथ ही सवालों के जबाव भी दिए।

अंशुल कुमार ने कोर्ट को बताया कि 18 मार्च 2025 को थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र में हत्या की सूचना मिलने पर वह अपनी टीम के साथ मेरठ मोर्चरी पहुंचे। मोर्चरी में एक नीले रंग के ड्रम से सौरभ राजपूत का शव बरामद हुआ। ड्रम से एक चाकू और उस्तरा भी मिले थे। बरामदगी की फोटोग्राफी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर मेमोरी कार्ड को सील किया गया,जिसे संबंधित थाने को सौंप दिया गया।

घटनास्थल से साक्ष्य बरामद

उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2025 को घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से ट्रॉली बैग, गद्दा, रक्त जैसे पदार्थों के सैंपल हड्डी जैसा टुकड़ा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर सील किए गए। इसके अलावा एक बैंक चेक,विदेशी मुद्रा और पासपोर्ट भी मिले, जिन्हें थाना प्रभारी ब्रह्मपुरी को सुपुर्द किया गया।

चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल श्रीमती रेखा जैन ने की जिरह

जिरह के दौरान अंशुल कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना शाम के समय थाना ब्रह्मपुरी के इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने के बाद वह सीधे घटनास्थल नहीं गए, बल्कि करीब डेढ़ से दो घंटे बाद मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो ड्रम से और न ही शव से फिंगर प्रिंट लिए गए थे, केवल निरीक्षण किया गया था। हालांकि पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी की गई थी।

ये था पूरा हत्याकांड

मार्च 2025 में मर्चेंट नेवी ऑफिसर सौरभ की हत्या उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर की थी।हत्या के बाद शव को नीले प्लास्टिक ड्रम में सीमेंट के घोल के साथ सील किया गया।घटना के बाद दोनों घूमने चले गए थे।17 मार्च को लौटने पर मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जिला जज की कोर्ट में चल रहा ट्रायल

सौरभ हत्याकांड का ट्रायल मेरठ जिला जज की कोर्ट में चल रहा है। अब तक 15 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं। मामले में अगली सुनवाई की तारीख 11 फरवरी तय की गई है, हालांकि उस दिन किस गवाह को बुलाया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts