पूर्व कुलपति डॉ. केके सिंह को दी गई भावभीनी विदाई
-- विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का संकल्प
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में शनिवार को पूर्व कुलपति डॉ. के.के. सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। डॉ. सिंह ने अपने कार्यकाल में 3 वर्ष 4 माह तक विश्वविद्यालय के कुलपति पद की जिम्मेदारी संभाली। विदाई समारोह का आयोजन वेटरनरी कॉलेज के सभागार में किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व कुलपति डॉ. के.के. सिंह का कार्यकाल सराहनीय रहा। उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक विकास के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विश्वविद्यालय को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाया जाए, इसके लिए शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने स्तर से विश्वविद्यालय हित में अधिक से अधिक कार्य करें, ताकि संस्थान को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सके। समारोह में वित्त नियंत्रक पंकज चतुर्वेदी, कुलसचिव डॉ. रामजी सिंह, विभिन्न निदेशक, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पूर्व कुलपति डॉ. के.के. सिंह को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. सिंह के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।


No comments:
Post a Comment