जनसभा स्थल पर बन रहे तीन हेलीपैड

 डेढ़ लाख लोगों की रहेगी व्यवस्था, 330मीटर लंबा पंडाल

मेरठ।  पी एम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित मेरठ दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री 22 फरवरी को मेरठ पहुंचकर रैपिड रेल परियोजना और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और पार्टी संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

दिल्ली रोड पर मोहकमपुर से लेकर मोहिउद्दीनपुर तक सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से चल रहा है। सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों की रंगाई-पुताई, विद्युत सज्जा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है।

मोहिउद्दीनपुर में दिल्ली रोड से छज्जुपुर गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित न्यू टाउनशिप की भूमि पर जनसभा स्थल तैयार किया जा रहा है। यहां जर्मन हैंगर लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। मुख्य पंडाल में प्रधानमंत्री सभा को संबोधित करेंगे, जबकि इसके अतिरिक्त दो सहायक पंडाल भी बनाए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

जनसभा स्थल के समीप तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। गुरुवार से हेलीपैड निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम के दिन प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे और हेलीपैड पर उतरने के बाद विशेष रूप से बनाई गई गैलरी से होते हुए मंच तक जाएंगे।

प्रशासन के अनुसार जनसभा में लगभग डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यापक यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है। पार्किंग, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मेरठ में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts