मतदाता सूची में दो स्थानों पर नाम दण्डनीय अपराध, स्वेच्छा से अन्य स्थान से हटवायें अपना नाम-मुख्य निर्वाचन अधिकारी

उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बीएलओ, बीएलओ सुपरवाईजर हुए सम्मानित

 मुख्य निर्वाचन अधिकारी  नवदीप रिणवा ने जनपद में की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा

जनपद मेरठ में 61 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूर्ण

मतदाताओं द्वारा दिए गए फीडबैक में देश में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर

मेरठ।उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारीनवदीप रिणवा द्वारा आज जनपद मेरठ़ भ्रमण के दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण/समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने एसआईआर पर बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ व सुपरवाईजरों को सम्मानित किया। इस दौरान बीएलओं ने एसआईआर के दौरान अपने अनुभवों को मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष शेयर किया। 

  मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा सर्वप्रथम ब्लॉक रजपुरा स्थित सुनवाई केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोटिस सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया गया। उनके द्वारा सुनवाई केंद्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने नोटिस सुनवाई केंद्र पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।

  उन्होंने युवाओं विशेषकर महिलाओं से कहा कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है वह आवश्यक साक्ष्य सहित फार्म-6 भरकर 6 मार्च, 2026 तक अपने बीएलओ को उपलब्ध करा दें, ताकि आपका नाम अंतिम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान बने हुए मतदाताओं को एक अतिरिक्त लाभ यह भी है कि उनके रिकॉर्ड आगामी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण तक सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद भी नये मतदाता तो बनेंगे परन्तु उनका रिकॉर्ड एसआईआर के तहत नहीं होगा, ऐसे में इस मौके को न गवाएं। उन्होंने मतदाताओं से अपील/आग्रह किया कि यदि किसी का वोट एक से अधिक स्थान पर है तो फार्म-7 भरकर स्वेच्छा से अन्य स्थानों से अपना नाम कटवा लें, यह एक दण्डनीय अपराध है जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित मतदाता का है। 

राजनैतिक दलों के साथ बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा विकास भवन सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके उन्हें नोटिस सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनके सुझाव लिए एवं एसआईआर प्रक्रिया में उनके द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना भी की। उन्होंने समस्त राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि सभी दलों के बूथ लेवल एजेण्ट ज़्यादा से ज़्यादा नये एवं युवा वोटर्स को जोड़ने का काम करें। राजनैतिक दलों द्वारा भी अपने सुझाव दिये गये, जिस पर मा0 मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों ने एसआईआर में अब तक हुये कार्य में जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय के लिए प्रशंसा करते हुये संतोष व्यक्त किया। 

 समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नोटिस सुनवाई की प्रगति, बुक ए कॉल विद बीएलओ तथा एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण, नोटिस सुनवाई स्थल की व्यवस्थाओं आदि के संबंध में समीक्षा की गई।

   मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने  द्वारा बताया गया कि 6 मार्च तक कोई भी पात्र व्यक्ति फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है। नए वोटर्स को जोड़ने हेतु भरे जाने वाले फॉर्म-6 में नागरिकों की साफ व स्पष्ट फोटो लगाई जाए। निर्देशित किया गया कि नये मतदाता जोड़ने हेतु जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार किया जाए । बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाया जाए, जिससे कि नये नियमों से अवगत कराया जाये। फार्म-6 जमा करते समय बीएलओ को स्पष्टतः होनी चाहिए।  फॉर्म भरने के दौरान आवेदक का पूरा पता और मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करें। उन्होंने यह भी बताया कि 27 मार्च तक दावे-आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी तत्पश्चात 10 अप्रैल, 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

        उन्होंने निर्देश दिए कि नोटिस सुनवाई से संबंधित सभी अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं, अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्रोत्साहित किए जाएं और प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में न तो अपात्र का नाम शामिल हो और न ही पात्र व्यक्ति छूटे, इसी लक्ष्य के साथ प्रदेश भर में कार्य हो रहा है।

जिल में 61 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई में लाई जाए तेजी 

नोटिस सुनवाई की प्रगति-समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि नोटिस सुनवाई के राज्य औसत 73 प्रतिशत के सापेक्ष जनपद मेरठ में 61 प्रतिशत सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। उन्होने नोटिस सुनवाई में तेजी लाते हुये समय से सुनवाई पूर्ण करने के निर्देश दिये। 

बीएलओ के साथ संवाद तथा सम्मान कार्यक्रम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा चौ0 चरण सिंह स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 43-सिवालखास 44-सरधना 45-हस्तिनापुर (एस0सी) 46-किठौर, 47-मेरठ कैन्ट 48 मेरठ, 49-मेरठ दक्षिण के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों, ईआरओ तथा एईआरओ से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों के संबंध में संवाद करते हुए कार्य में हो रही तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों को जानने का प्रयास किया गया तथा एसआईआर जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यवाही करते हुये की गई मेहनत के लिए सराहना व्यक्त की। इस अवसर पर बीएलओ, सुपरवाइजरों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गये। उन्होने कहा कि नये मतदाता जोडे जाने हेतु ऑनलाईन फार्म भरे जाने के लिए आमजन को जागरूक किया जाये और उनको इसके बारे में जानकारी दी जाये। 

 विधानसभावार दस-दस बीएलओ व दो-दो बीएलओं सुपरवाइजर हुए सम्मानित 

  जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम में जनपद की प्रत्येक विधान सभा के 10-10 अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ तथा 02-02 बीएलओ सुपरवाईजर को प्रशस्ति पत्र एवं पौंधा भेंट कर सम्मानित किया गया। बीएलओ द्वारा अपने अनुभव भी साझा किये गये। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बी.एल.ओ. सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे। 

जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार किये जाने हेतु निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जा रही है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा जो भी निर्देश दिये गये उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा।  

बुक ए कॉल विद बीएलओ/एनजीएसपी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा ईसीआईनेट ऐप तथा voters.eci.gov.in पर नागरिकों हेतु उपलब्ध बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा के अंतर्गत बुक की गई कॉल के निस्तारण की समीक्षा भी की गई। उन्होने बताया कि बुक ए कॉल में बीएलओ उपलब्धता में उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतों के निस्तारण हेतु एनजीएसपी में मतदाताओं द्वारा दिए गए फीडबैक में देश में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts