ब्यूटी पार्लर को बनाया जुए का अड्डा!

 महिलाएं लगाती थीं पैसों की बाजी , 9 महिलाएं हिरासत में 

भोपाल । मध्य प्रदेश में भोपाल के बैरागढ़ इलाके में पुलिस ने एक ब्यूटी पार्लर पर छापा मारा तो पुलिस के होश उड़ गये। ब्यूटी पार्लर में महिलाएं जुआ खेल रही थी। पुलिस ने छापेमारी में नकदी के साथ 9 महिलाओं को हिरासत में लिया है। 

मामला संत हिरदाराम नगर स्थित महक ब्यूटी पार्लर का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्लर के भीतर पैसों का दांव लगाकर ताश के जरिए जुआ खेला जा रहा है.।इसके बाद बैरागढ़ थाना पुलिस ने योजना बनाकर दबिश दी।  अंदर से शोरगुल की आवाजें आ रही थीं. जैसे ही पुलिस टीम ने दरवाजा खुलवाया, अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी चौंक गए। 

9 महिलाओं को हिरासत में लिया

पार्लर के अंदर कई महिलाएं ताश के पत्तों के साथ हार-जीत का खेल खेल रही थीं. मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 9 महिलाओं को हिरासत में लिया।इनके पास से 18 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए गए। जिन्हें दांव पर लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि ब्यूटी पार्लर जैसे स्थान का इस्तेमाल इस तरह की गैरकानूनी गतिविधि के लिए किया जा सकता है।

क्या बोले अधिकारी?

थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये महिलाएं पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रही हैं या फिर यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। साथ ही पार्लर संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि कहीं यह स्थान जानबूझकर जुए के अड्डे के रूप में तो इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts