विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक परामर्श शिविर का आयोजन
मेरठ। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर महावीर विवि, के आयुर्वेद संकाय अंतर्गत कायचिकित्सा विभाग द्वारा कैंसर जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को कैंसर के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच एवं शीघ्र पहचान के महत्व को रेखांकित करना तथा कैंसर की रोकथाम एवं सहायक उपचार में आयुर्वेद की भूमिका को प्रस्तुत करना रहा।
शिविर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें विभागीय चिकित्सकों द्वारा सक्रिय सहभागिता करते हुए जनसेवा प्रदान की गई।शिविर के दौरान रोगियों की विस्तृत जांच कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक परामर्श उपलब्ध कराया गया तथा जीवनशैली एवं आहार संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए।कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर के कारण, प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय तथा आयुर्वेद में वर्णित अर्बुद एवं ग्रंथि की अवधारणा पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं तनाव प्रबंधन के महत्व पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ किया गया कि कैंसर की रोकथाम में जागरूकता, शीघ्र पहचान एवं समग्र चिकित्सा पद्धति अत्यंत आवश्यक है तथा इस दिशा में आयुर्वेद प्रभावी योगदान प्रदान कर सकता है।


No comments:
Post a Comment