होली के लिए चिप्स, पापड़ और नमकीन से सजा बाजार
मेरठ। होली का पर्व आगामी चार मार्च को मनाया जाएगा। इससे पूर्व जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रंगों के त्योहार की तैयारियों के बीच शहर की दुकानों पर रंग-बिरंगे पापड़, चिप्स, कचरी और तरह-तरह के नमकीन की दुकानें सज गई हैं। आकर्षक पैकिंग, विविध स्वाद और अपेक्षाकृत किफायती दामों के कारण ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में सुबह से देर शाम तक लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
आबूलेन, सदर बाजार , वैली बाजार , सुभाष बाजार, लालकुर्ती ,शारदा रोड़ , बुढाना गेट , हापुड़ अडडा , शास्त्री नगर , जाग्रति विहार, शारदा रोड़, बागपत रोड्, आदि स्थानों पर स्थित बाजार में दुकानों पर विशेष रूप से रंगीन चिप्स, पापड़ और कचरी की मांग अधिक है। दुकानदार दिनेश अग्रवाल ने बताया कि होली करीब आते ही इन उत्पादों की बिक्री कई गुना बढ़ गई है।
ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अलग-अलग रंग और आकार के पापड़ तथा चिप्स उपलब्ध कराए गए हैं, इन्हें बच्चे और बड़े दोनों पसंद कर रहे हैं। दुकानदार विपिन चावला ने बताया कि चकरी और भिंडी 60 रुपये प्रति किलो, आलू व इमरती चिप्स 180 रुपये प्रति किलो तथा ब्रांडेड पापड़ करीब 200 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार थोक बाजार से भी पर्याप्त माल मंगाया गया है, ताकि त्योहार के दौरान कमी न हो। खरीदार अपने परिवार और मेहमानों के लिए पसंदीदा नमकीन और पापड़ खरीदते नजर आ रहे हैं।कई लोग दूर-दराज के रिश्तेदारों को भेजने के लिए भी इन वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि होली तक बिक्री में और तेजी आएगी और इस बार त्योहार पर अच्छा कारोबार होगा।


No comments:
Post a Comment