गुलाल एवं अबीर से रंग रंगा उठा मेरठ कॉलेज

मेरठ कॉलेज में हुआ होली मिलन का भव्य समारोह

 मेरठ। मेरठ कॉलेज में  होली के पावन अवसर पर रंगों से सराबोर भव्य होली समारोह का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल एवं डॉ. रामकुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से की। सचिव श्री विवेक कुमार गर्ग ने समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अनिल राठी एवं डॉ. सीमा पवार की प्रमुख भूमिका रही। समारोह में प्राध्यापकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। परिसर में हंसी-ठिठोली और रंगों की फुहारों के बीच होली गीतों की मधुर धुनों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

होली भारतीय संस्कृति का एक प्राचीन और ऐतिहासिक पर्व है, जो बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भक्त प्रह्लाद की अटूट श्रद्धा और होलिका दहन की कथा इस पर्व से जुड़ी है। यह त्योहार सामाजिक समरसता, पारस्परिक प्रेम और नवचेतना का संदेश देता है। वसंत ऋतु के आगमन के साथ मनाया जाने वाला यह उत्सव प्रकृति के नवजीवन और उमंग का भी प्रतीक है।

समारोह के दौरान गुजिया, टिक्की एवं गोलगप्पों का विशेष प्रबंध किया गया, जिसका सभी ने आनंद लिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा और सभी ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का आनंद उठाया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts