बजट सत्र के 9वें दिन भी लोकसभा में हंगामा
ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारीनई दिल्ली (एजेंसी)।संसद के बजट सत्र के दौरान लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। आज भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया और इसकी कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि नियम से बोलने का हक सभी को है। सदन गतिरोध और नारेबाजी करने के लिए नहीं है। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ सकता है। विपक्ष के सांसदों ने 'राहुल गांधी को बोलने दो' के नारे लगाए और हंगामा किया।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के नेताओं की सदन में बैठक हुई, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। साथ ही कांग्रेस पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी को अगर सदन में बोलने दिया जाएगा तो सदन चलेगा नहीं तो संसद में हंगामे के आसार हैं।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ संसद पहुंचे। जब मल्लिकार्जुन खरगे से यह पूछा गया कि क्या आज भी सदन नहीं चल पाएगा, तो उन्होंने सवाल का जवाब देते हुए कहा, “कौन कहता है कि आज सदन नहीं चलेगा?” उनके इस बयान को विपक्ष के रुख को लेकर एक राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कुल मिलाकर, बजट सत्र के दौरान संसद में जारी यह गतिरोध सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ते तनाव को साफ तौर पर दर्शाता है।
बजट सत्र के दूसरे चरण में अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है विपक्ष
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष बजट सत्र के दूसरे चरण में ये अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ सकता है क्योंकि नियमों के तहत अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने के लिए 20 दिन का समय चाहिए होता है। स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की कई वजह बताई जा रही हैं, जिनमें लोकसभा स्पीकर द्वारा सदस्यों को बोलने की मंजूरी न देने, आसन द्वारा महिला सांसदों का नाम लेना, सत्ता पक्ष के कुछ सांसदों को सदन में हमेशा विशेषाधिकार देना और आठ विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित करना शामिल है।


No comments:
Post a Comment