हापुड़ में 64 लाख लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

 पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, 40 लाख कैश बरामद

हापुड़। हापुड़ में बीती 31 जनवरी को नेशनल हाईवे-9 पर हुई 64 लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार अलसुबह कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) राहुल यादव ने जानकारी दी कि 31 जनवरी को नेशनल हाईवे पर चावल व्यापारी के मुनीम से 64 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। स्वाट टीम को सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश बाइक पर सवार होकर सिखेड़ा बंबा की ओर से गुजरने वाले हैं।
सूचना मिलते ही स्वाट टीम ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान को अवगत कराया और संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया गया। जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान गाजियाबाद जिले के निवासी रईस के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसके साथ मौजूद चार अन्य बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 31 जनवरी की लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है।

40 लाख नकदी, स्कूटी-बाइक और अवैध असलहा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की लगभग 40 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा एक स्कूटी, एक बाइक, अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बरामद नकदी और हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts