मेरठ में कारोबारी की हत्या करने वाले 3 आरोपी अरेस्ट
दिल्ली में पुलिस से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल; दरोगा भी जख्मी
मेरठ। असलम हत्याकांड में फरार चल रहे 3 बदमाशों की दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। तीनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वारदात में एक दरोगा भी घायल हुआ है, जिसे गोली छूकर निकल गई। मेरठ पुलिस की एक टीम दिल्ली भेजी गई है, जो शनिवार को तीनों को मेरठ लाएगी।
नौचंदी थाने से महज 50 कदम की दूरी पर जैदी फार्म इलाका 6 फरवरी को गोली की तड़तड़ाहट से गूंज उठा था। यहां कुछ हमलावरों ने स्क्रैप कारोबारी असलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी।इस घटना में शोएब नाम का एक अन्य युवक भी घायल हुआ था। डेढ़ वर्ष पहले अरशद नाम की युवक की हत्या की गई थी। बताया जाता है कि उसी का बदला लेने के लिए असलम को मारा गया है। इस वारदात के बाद से क्षेत्र में तनाव है।
दोस्त शोएब संग खड़ा था असलम
वारदात वाले दिन असलम जैदी फार्म की गली नंबर चार के बाहर अपने दोस्त शोएब के साथ खड़ा बात कर रहा था। इसी दौरान हमला हो गया। चार से पांच गोली असलम को लगी और वह जमीन पर गिर गया। शोएब के कंधे में भी एक गोली लग गई। हमलावर भाग निकले। आनन फानन में दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से असलम की नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। रात में असलम की मौत हो गई, जिसके बाद तनाव बढ़ता चला गया।
मुकदमे में 11 को किया गया नामजद
उसी रात असलम के पिता मोहम्मद इमरान की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें आहद पुत्र शमीम, असद, रिहान, तारिक, राशिद, शमी पुत्रगण अमीर अहमद के अलावा इस्माइल पुत्र शमीम, समीर उर्फ मोटा बवानिया पुत्र सलीम, अमीर अहमद पुत्र इशाक, चंदन पुत्र इशाक और आमना पुत्र शमीम को नामजद किया गया था। पुलिस इनमें केवल समीर उर्फ मोटा बवानिया को ही गिरफ्तार कर पाई थी। पिता ने एसएसपी दफ्तर पर पहुंचकर नाराजगी भी व्यक्त की थी।
आधी रात में दिल्ली पुलिस से मुठभेड़
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए आस पास के जनपदों से भी संपर्क किया गया है। गुरुवार आधी रात को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सेल को सूचना मिली कि मेरठ से फरार असद गिरोह के सदस्य किसी वारदात की फिराक में हैं। उनकी निगरानी शुरु कर दी गई। वजीराबाद-उस्मानपुर मार्ग पर कई जगह पुलिस की चेकिंग शुरु करा दी गई। जैसे ही बदमाश दिखाई दिए, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकले।
असद समेत तीन को लगी गोली
बदमाशों पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान पुलिस की गोली लगने से तीनों बदमाश घायल हो गए, जिनकी पहचान 36 वर्षीय असद, 24 वर्षीय आमिर उर्फ हुसैन और 22 वर्षीय आहिल उर्फ जव्वाद के रूप में हुई। तीनों घायलों को दिल्ली पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया और मेरठ पुलिस को उनके बारे में जानकारी दी। एक टीम को शुक्रवार दोपहर में दिल्ली रवाना कर दिया गया।
जल्द मेरठ लाए जाएंगे तीनों आरोपी
असलम के पिता इमरान की तरफ से कुल 11 लोगों के खिलाफ नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। गुरुवार आधी रात को पुलिस की जिन बदमाशों से मुठभेड़ हुई, उसमें नामजद असद भी शामिल था। असद के अलावा आमिर व आहिल भी हैं लेकिन उनके नाम दर्ज मुकदमे में शामिल नहीं हैं। पुलिस जल्द से जल्द तीनों बदमाशों को मेरठ लेना का प्रयास कर रही है।


No comments:
Post a Comment