मेरठ के मिस्टी चौधरी का यूपी की अंडर 23 टीम में चयन 

 कम ऊमर में चयनित होने वाली खिलाड़ी बनी मिस्टी

 मेरठ।  शताब्दीनगर निवासी सतीश चौधरी की बेटी मिस्टी चौधरी का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में अंतिम रूप से हो गया है। सबसे कम उम्र में इस उपलब्धि को हासिल कर मिस्टी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी यह सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे मेरठ शहर के लिए गर्व का विषय बन गई है।

मिस्टी इससे पहले उत्तर प्रदेश की अंडर-15 और अंडर-19 टीम में भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी जगह पक्की की है। उनकी कोच नीतू अग्रवाल, नितिन चौधरी और नीरज चौधरी ने चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि मिस्टी की सफलता नियमित अभ्यास और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी मेरठ और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

मिस्टी के पिता सतीश चौधरी ने बताया कि बेटी की सफलता में प्रोफेसर देवेंद्र संधू का विशेष मार्गदर्शन रहा है। वर्तमान में मिस्टी आगरा में कोच केके शर्मा के निर्देशन में कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं।शताब्दीनगर की गलियों से राज्य टीम तक का यह सफर मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास की मिसाल है। मिस्टी की यह उपलब्धि मेरठ की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts