खेला ...

नकली जेवरात को असली बताकर बैंक को लगा दी 20 लाख का चूना 

गोल्ड वैल्यूअर की जिम्मेदारी निभा रहे सुनार ने बैंक से दिला दिया लोन 

 11 लोगों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से मुकदमा दर्ज  कराया गया 

मेरठ। शिवालिक स्माल फाइनेंस बैंक (एसएसएफबी) की तीन शाखाओं में गोल्ड वैल्यूअर की जिम्मेदारी निभा रहे सुनार ने बैंक को 20 लाख रुपये की चपत लगा दी। उसने अपने परिचितों को नकली जेवरात लेकर बैंक भेजा और उन्हें असली बताकर लोन दिला दिया। इसके बाद लोन की राशि अपने और स्वजन के खातों में ट्रांसफर करा ली।आडिट में शक होने पर बैंक ने जांच की तो धोखाधड़ी का मामला सामने आया। बैंक ने गोल्ड वैल्यूअर समेत लोन लेने वाले 11 लोगों के खिलाफ स्पेशल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर लोहियानगर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शास्त्रीनगर निवासी रविशंकर एसएसएफबी के अधिकृत गोल्ड वैल्यूअर हैं। उनकी संस्तुति पर ही बैंक अपनी अन्य शाखाओं में गोल्ड वैल्यूअर नियुक्त करता है। रविशंकर ने बताया कि शास्त्रीनगर में ही रहने वाले संजय वर्मा, उसकी पत्नी अनुराधा वर्मा, पुत्रवधू पालकी और बेटी कोमल ने उनसे मिले।संजय वर्मा ने खुद को एसएसएफबी में गोल्ड वैल्यूअर की नौकरी दिलाने का आग्रह किया।उसकी आर्थिक स्थिति देखते हुए उन्होंने उसे 10 जुलाई 2025 को नौकरी दिला दी। उसे दिल्ली रोड, तेजगढ़ी मेरठ और सरधना ब्रांच की वैल्यूअर की जिम्मेदारी दी गई।

संजय वर्मा ने दिए गए शपथपत्र में जांच के बाद सोने-चांदी के जेवर की वैल्यू की जिम्मेदारी ली। संजय की रिपोर्ट के आधार पर बैंक गोल्ड लोन जारी करने लगा। 19 और 23 दिसंबर 2025 को बैंक के आडिट में पता चला कि गोल्ड लोन के लिए रखे गए जेवरात नकली हैं। अधिकांश लोन पांच लाख रुपये से कम के थे।

जांच में यह भी सामने आया कि संजय वर्मा ने दिल्ली रोड शाखा से विशाल कुमार को 3.28 लाख, रमन को 4.40 लाख, सरधना शाखा से राजू को 4.08 लाख, कपिल को 4.10 लाख और शिवम को 4.14 लाख का लोन स्वीकृत कराया। लोन की राशि बैंक खातों में जाते ही संजय वर्मा, अनुराधा, पालकी और कोमल के खातों में ट्रांसफर कर दी गई।

रविशंकर के अनुसार जब वह संजय वर्मा के घर गए तो आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब स्पेशल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर संजय वर्मा समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts