के एल इंटरनेशनल में 12 की बोर्ड परीक्षा डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित कार्यशाला का आयोजन
मेरठ।के. एल. इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई सिटी कॉर्डिनेटर सुधांशु शेखर ने सीबीएसई कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित कार्यशाला में भाग लिया ।
सीबीएसई सिटी कॉर्डिनेटर एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026, की कक्षा 12 के लिए आरंभ की जा रही डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित कार्यशाला में भाग लिया, जो CBSE कार्यालय, द्वारका, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित की गयी। यह स्मार्ट परीक्षा स्मार्ट मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस कार्यशाला में सीबीएसई एग्जाम कंट्रोलर श्री संयम भारद्वाज जी ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए "स्मार्ट एग्जाम, स्मार्ट इवैल्यूएशन" प्रणाली की विशेषता बताते हुए कहा कि डिजिटल इवैल्यूएशन मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीक-आधारित बनाएगा।
कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के जांच कार्य के लिए लागू की जा रही इस नई व्यवस्था के अंतर्गत विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएँ केंद्रीय रूप से स्कैन की जाएँगी। मूल्यांकन कार्य 26 फरवरी से प्रारंभ होगा। मूल्यांकन से पूर्व शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि वे डिजिटल प्रणाली के अनुरूप दक्षता प्राप्त कर सकें।
इस नई प्रणाली के अंतर्गत मूल्यांकन अवधि को 12 दिनों से घटाकर 9 दिन कर दिया गया है तथा प्रतिदिन 8 घंटे का मूल्यांकन कार्य निर्धारित किया गया है।
मूल्यांकन के प्रथम दिवस प्रत्येक परीक्षक द्वारा 5 उत्तर पुस्तिकाओं का अनिवार्य रूप से मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन उपरांत किसी प्रकार का पुनः सत्यापन (Verification) नहीं होगा। यह डिजिटल प्रणाली पर्यावरण के अनुकूल है- "नो टच, नो डस्ट" की अवधारणा पर आधारित है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कक्षा 10 में सामाजिक विज्ञान एवं विज्ञान विषयों के प्रश्नपत्र सेक्शन-वाइज होंगे। मानचित्र एवं ग्राफ संबंधित प्रश्नों के उत्तर अंतिम पृष्ठ पर दिए गए रिक्त पृष्ठ पर संलग्न किए जाएँगे।
कार्यशाला में सम्मिलित होने गए प्रधानाचार्य श्री सुधांशु शेखर ने बताया कि मूल्यांकन प्रणाली में किए जा रहे यह बदलाव मूल्यांकन प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने में सहायक होंगे।


No comments:
Post a Comment