आज से आरंभ होगी सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं
मेरठ के 35 परीक्षा केंद्रों पर 32,500 छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा
मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार, 17 फरवरी से शुरू होकर 11 अप्रैल तक चलेंगी। मेरठ जनपद में कुल 35 परीक्षा केंद्रों पर ये परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। 2026 में कक्षा 10वीं में 18,500 और 12वीं में 14,000 छात्र-छात्राएं परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। जिले में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 32,500 है। सीबीएसई मेरठ सिटी कोऑर्डिनेटर और केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने सभी परीक्षा केंद्रों के सेंटर सुपरिटेंडेंट (सीएस) और प्रिंसिपलों को परीक्षाओं को छात्र-अनुकूल, शांतिपूर्ण और नकल मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
सीबीएसई मेरठ सिटी कोऑर्डिनेटर सुधांशु शेखर ने बताया कि मेरठ जनपद के सीबीएसई परीक्षा केंद्र सुबह 9 बजे से परीक्षार्थियों के लिए खोल दिए जाएंगे और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। लिखित परीक्षा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। एडमिट कार्ड पर अभिभावकों के हस्ताक्षर भी आवश्यक हैं। प्राइवेट उम्मीदवार एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड भी लाएं। केवल पारदर्शी पेंसिल बॉक्स में रॉयल ब्लू या ब्लैक पेन/जैल पेन लेखन सामग्री ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाएगी और सहायक अधीक्षक द्वारा हर क्षण मॉनिटरिंग की जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना या उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
46 लाख देंगे सीबीएसई बोर्ड परीक्षा
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में कुल 46 लाख छात्र-छात्राएंं शामिल होंगे। इस साल बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन लगभग 31 हजार से ज्यादा स्कूलों और 26 देशों में फैले केंद्रों से करीब 46 लाख छात्र परीक्षा देंगे। इसके लिए दुनिया भर में 8 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


No comments:
Post a Comment