डीएवी शास्त्री नगर मेरठ में हुआ गणतंत्र दिवस का धूमधाम से आयोजन
मेरठ डीएवी, शास्त्री नगर, मेरठ मे धूमधाम से गणतंत्र दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल बब्बर तथा बब्बर ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम के ओज को द्विगुणित कर दिया। संपूर्ण भारतवर्ष में धूमधाम से यह राष्ट्रीय त्योहार मनाया जाता है, इसी परंपरा को आह्लादित रूप से मनाते हुए डीएवी के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वजारोहण करते हुए राष्ट्रीय गान गाकर अपने तिरंगे के प्रति सम्मान प्रदर्शित किया गया।
कर्नल बब्बर ने संबोधन में विद्यार्थियों से अपने मन में देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने की शपथ ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित किया।तत्पश्चात कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत समूह गान की प्रस्तुति कर समारोह में उत्साह का संचार किया। छात्राओं के सामूहिक नृत्य में अद्भुत उमंग व उत्साह दृष्टिगोचर हुआ, विद्यालय का संपूर्ण प्रांगण भारत माता की जय के उद्घोष से पूर्णतः गुंजायमान हो उठा। कक्षा यूकेजी की अन्वी गुप्ता तथा ग्यारहवीं की तनिष्का सिंह ने गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया।
डीएवी विद्यालय के अभूतपूर्व, जोश से परिपूर्ण एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सेल्यूट कर देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित किया।
डाॅ अल्पना शर्मा (क्षेत्रीय अधिकारी, डीएवी स्कूल, यू पी जोन-ए) ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वाह करने की प्रेरणा दी तथा गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
प्रधानाचार्या अपर्णा जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा गणतंत्र दिवस के कुछ रोचक तथ्यों से अवगत कराया तथा उपस्थित समस्त विद्यार्थियों एवं अध्यापक - अध्यापिकाओं को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




No comments:
Post a Comment