यूजीसी क़ानून बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट ने दिया नौकरी से इस्तीफ़ा
बोले-बायकॉट बीजेपी !,प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
बरेली। बरेली जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां सिटी मजिस्ट्रेट पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह कदम उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों और यूजीसी के नए नियमों से गहरी असहमति के चलते उठाया है। 2019 बैच के तेजतर्रार पीसीएस अधिकारी के इस्तीफे से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
किसी कार्यरत पीसीएस अधिकारी द्वारा सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए इस्तीफा देना प्रशासनिक इतिहास में दुर्लभ माना जा रहा है। इस्तीफा देने से पहले अलंकार अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें वह एक पोस्टर पकड़े नजर आए। पोस्टर पर ‘काला कानून वापस लो’ और ‘बायकॉट बीजेपी’ लिखा हुआ था, जिसने मामले को और सुर्खियों में ला दिया।
मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अलंकार अग्निहोत्री इससे पहले बलरामपुर, उन्नाव और लखनऊ में एसडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में उन्हें उनकी स्पष्टवादिता और सख्त कार्यशैली के लिए जाना जाता है। मई 2025 में उनकी तैनाती बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। इससे पहले वह लखनऊ में सहायक नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले अलंकार अग्निहोत्री ने करीब 10 साल तक आईटी सेक्टर में कंसल्टेंसी की नौकरी की थी। उन्होंने 1998 में यूपी बोर्ड की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 21वां स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने बीएचयू से बीटेक की पढ़ाई पूरी की।
एक पुराने इंटरव्यू में अलंकार अग्निहोत्री ने बताया था कि परिवार की जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने पहले छोटे भाइयों की नौकरी और बहन की शादी पूरी करवाई। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में यूपी पीसीएस परीक्षा पास कर ली।उनके इस्तीफे को लेकर अब प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


No comments:
Post a Comment