सलमान हत्याकांड का मुख्य आरोपी वसीम 'खटमल' मुठभेड़ के बाद अरेस्ट 

दोनों पैरों में लगी गोली; 25 हजारी इनामी ने प्रेमिका के साथ मिलकर की थी पति की हत्या

मुज़फ्फरनगर/छपार। मुज़फ्फरनगर पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश वसीम उर्फ खटमल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 'खटमल' ने अपनी प्रेमिका सुमायला के साथ मिलकर उसके पति सलमान की नृशंस हत्या की थी और पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। गोपाली मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में वसीम के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि उसके एक साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

घटना का विवरण देते हुए सीओ सदर डॉ. रवि शंकर  ने बताया कि 4 अप्रैल 2025 को वसीम उर्फ खटमल ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी सलमान की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी सलमान को छपार क्षेत्र के गांव बिजोपुरा के जंगल में ले गए और वहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस अब तक वसीम के भांजे, बहन, बहनोई और प्रेमिका समेत 5 लोगों को पहले ही जेल भेज चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी वसीम फरार चल रहा था।

नहर पटरी पर आमने-सामने की फायरिंग

रविवार देर रात थाना छपार अध्यक्ष मोहित सहरावत और एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी की टीम खुड्डा और खोजा नंगला के बीच चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेरठ निवासी वसीम उर्फ खटमल गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके साथी इमरान को भी गिरफ्तार किया है।

पैरोल पर आकर दिल्ली पुलिस को भी दे रहा था चकमा

आरोपी वसीम शातिर किस्म का अपराधी है। वह पहले से ही किसी मामले में जेल में था और पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस को भी उसकी तलाश थी। मुज़फ्फरनगर पुलिस द्वारा की गई इस गिरफ्तारी के साथ ही सलमान हत्याकांड के सभी 6 आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं। पुलिस ने मौके से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts