फीचर फिल्म गोदान का मेरठ में पोस्टर रिलीज
देश को गौमाता का महत्व समझाएगी यह फिल्म
फिल्म में 40 करोड़ रुपये आई लागत
मेरठ। कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शंस के बैनर तले तैयार हुई फीचर फिल्म गोदान का रविवार को मेरठ में पोस्टर रिलीज हुआ। फिल्म के निर्माता और निर्देशक विनोद चौधरी ने बताया कि यह फिल्म मनुष्य के जीवन में गौ माता के महत्व को समझाने का काम करेगी।
उनका मानना है कि अगर गौ हत्या में लिप्त लोग इस फिल्म को देख लें तो वह इस काम को खुद ही छोड़ देंगे। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान द्वारा यह पोस्टर रिलीज किया गया।
सर्किट हाऊस में पोस्ट रिलीजिंग के दौरान फिल्म निर्माता व निर्देशक विनोद चौधरी ने बताया कि कामधेनु गौ शाला समिति मथुरा के सहयोग से तैयार की गई इस फिल्म में मनुष्य के जीवन में गौमाता का महत्व तो दर्शाया ही गया है साथ ही गौ संवर्धन, गौ संरक्षण क्यों जरूरी है, इसे भी दिखाया गया है। पूरी फिल्म साइंस बेस है ताकि हर वर्ग इसे आसानी से समझ सके।
अध्यक्ष बोली- सनातन की आत्मा गौमाता में
राज्य महिला आयोग की सदस्य बबीता चौहान ने कहा कि सनातन की आत्मा गौमाता में बसती है। इस फिल्म का प्रयास सराहनीय है। इसमें गुम हो रहीं गौमाता को कैसे और क्यों बचाया जाए, यह दिखाने का प्रयोग किया गया है। यह व्यक्ति विशेष की फिल्म नहीं है। युवाओं तक इसके जरिए एक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्कृति, सनातन के साथ ही साइंस का समावेश दिखेगा।
कई राज्यों में फिल्म की शूटिंग
40 करोड़ रुपये से तैयार हुई इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड, नोएडा, मथुरा और मुंबई में हुई है। विनोद चौधरी बताते हैं कि कई सत्य घटनाओं पर आधारित दृश्य भी इस फिल्म में शामिल किए गए हैं जो इसे महत्वपूर्ण बनाते हैं। 2023 में इसकी शुरुआत की गई थी और 6 फरवरी को देश के सभी सिनेमाघरों में यह रिलीज हो रही है।
महानगर अध्यक्ष बोले- सभी देखें फिल्म
पोस्टर रिलीजिंग के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, राज्य महिला आयोग की सदस्य पूजा बंसल के अलावा भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी भी मौजूद रहे। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि गोदान से बड़ा कोई दान नहीं है। गौमाता हमारी सृष्टि का संरक्षण करती है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वह इस फिल्म को जरूर देखें।
फिल्म बताएगी गौमाता का महत्व
भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी ने इसे फिल्म निर्माता का ऐतिहासिक कदम बताया है। उनका कहना है कि अकसर गौमाता को लेकर घटनाएं सामने आती हैं। लोग यहां तक सवाल करते हैं कि इन्हें गौमाता क्यों कहा जाता है। यह फिल्म उन सभी सवालों के जवाब अपने आप दे देगी जो गौमाता को लेकर खड़े होते रहे हैं।


No comments:
Post a Comment