पं. सुनील भराला ने सीएम से भेंट कर रखा भगवान परशुराम एकात्म विवि का प्रस्ताव 

मेरठ।  राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला ने भगवान परशुराम एकात्म विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भारतीय ज्ञान परंपरा, सनातन धर्म और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान पंडित सुनील भराला ने मुख्यमंत्री के समक्ष भगवान परशुराम एकात्म विश्वविद्यालय, मेरठ की स्थापना का विस्तृत प्रस्ताव रखा। 

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय को बागपत जनपद में स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थापित करने का विचार है, जो धार्मिक, पौराणिक और वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है।

उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय आध्यात्मिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और वैश्विक एकात्मता के सिद्धांत पर आधारित होगा, जहां भगवान परशुराम के जीवन दर्शन, उनके आध्यात्मिक-वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सनातन परंपराओं को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाएगा। साथ ही देशभर में भगवान परशुराम से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों जैसे अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड, मध्य प्रदेश के जनापाव, भिंड के जमदार, जबलपुर, राजस्थान के कुंभलगढ़ और पाली को वैचारिक एवं शैक्षणिक रूप से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

इसके साथ साथ बैठक के दौरान शिक्षा, संस्कृति, साइंस-इनोवेशन-रिसर्च (SIR), अवकाश नीति, जगतगुरुओं से जुड़े विषयों और उत्तर प्रदेश की आगामी राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इसे सनातन संस्कृति व राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही एक समिति का गठन कर इस पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी 6 फरवरी से रिलीज़ होने जा रही फिल्म गोदान के मुख्य कलाकार एवं पंडित सुनील भराला के पुत्र उत्कर्ष सिंह भारद्वाज ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts