कॉलेज गेट के बाहर छात्रों पर हमला
नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े लाठी-बेल्ट से पीटा
मेरठ। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एनएएस कॉलेज के बाहर कार सवार नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े दो छात्रों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बीच सड़क दोनों को लाठी और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल छात्रों की पहचान अरुण और हर्ष के रूप में हुई है, जो बीए प्राइवेट के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। वे गुरुवार को कॉलेज में परीक्षा फॉर्म जमा करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही वे कॉलेज गेट से बाहर निकले, तभी पीछे से आई एक कार उनके पास रुकी। कार से पांच-छह नकाबपोश युवक उतरे और बिना किसी कहासुनी के उन पर हमला बोल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने दोनों छात्रों को सड़क पर गिराकर डंडों और बेल्ट से ताबड़तोड़ वार किए। सिर और आंख के पास गंभीर चोट लगने से दोनों लहूलुहान हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसके बाद हमलावर तेजी से फरार हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया। बाद में दोनों छात्रों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। दिनदहाड़े कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment