यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव, शीतलहर होगी खत्म
- मौसम विभाग ने जताई 19 जनवरी से बारिश की संभावना
लखनऊ (एजेंसी)।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से प्रदेश में शीतलहर और पाले का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, हालांकि इसके साथ ही सुबह के समय कोहरे की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। वहीं 19 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी और बारिश होने के संकेत भी दिए गए हैं, जिससे मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है।
बीते दिनों प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मुरादाबाद और रुहेलखंड मंडल में शीतलहर का असर ज्यादा देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में आने वाली रात तक कहीं-कहीं शीतलहर और पाले की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद हालात में धीरे-धीरे सुधार होगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ रहा है और इसके बाद दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इनके प्रभाव से अगले पांच से छह दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगभग चार से छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसी वजह से 15 जनवरी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत अन्य इलाकों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम महसूस होगा।
हालांकि, तापमान बढ़ने के साथ कोहरे की समस्या और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 जनवरी के बाद सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना बढ़ जाएगी। तराई क्षेत्र, पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में दृश्यता काफी कम रह सकती है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। दिन निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट सकता है, जिससे दिन के समय मौसम साफ और सुहावना रहने की उम्मीद है। धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत भी मिलेगी।


No comments:
Post a Comment